एलडीए के खाली फ्लैट खरीदने के लिए चल रही पहले आओ-पहले पाओ योजना का आज, 14 सितंबर को आखिरी दिन है। जन्माष्टमी के मौके पर चार सितंबर से शुरू हुई इस योजना में चुनिंदा फ्लैटों की खरीद पर कीमत के हिसाब से एक लाख से ढाई लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है। इच्छुक खरीदारों को फ्लैट की बुकिंग एलडीए की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन करनी होगी। 160 से घटकर करीब 50 फ्लैट रह गए एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के मुताबिक, योजना के तहत उपलब्ध चुनिंदा फ्लैटों पर ही छूट का लाभ मिलेगा। योजना शुरू होने के समय करीब 160 फ्लैट खाली थे, जिनमें से बड़ी संख्या में फ्लैट बिक चुके हैं। अब करीब 50 फ्लैट ही उपलब्ध हैं। इनमें वन बीएचके, टू बीएचके और थ्री बीएचके श्रेणी के फ्लैट शामिल हैं। कीमत के हिसाब से मिलेगी छूट 20 से 50 लाख रुपये कीमत वाले फ्लैट पर एक लाख रुपये, 50 से 75 लाख रुपये तक के फ्लैट पर 1.5 लाख रुपये और 75 लाख रुपये से अधिक कीमत वाले फ्लैट पर दो से ढाई लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए खरीदारों को ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। योजना में श्रवण अपार्टमेंट, सनराइज अपार्टमेंट (मृगशिरा), स्मृति अपार्टमेंट और पूर्वा अपार्टमेंट समेत कानपुर रोड और कुर्सी रोड की विभिन्न एलडीए योजनाओं के चुनिंदा फ्लैट शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर किया जा सकता है।

