एसटी और निजी बस की टक्कर में एक महिला की मौत, 9 लोग घायल

एसटी और निजी बस की टक्कर में एक महिला की मौत, 9 लोग घायल

राजकोट जिले में उपलेटा के पास मोटी पानेली गांव के निकट सड़क हादसा

राजकोट. जिले में उपलेटा के पास मोटी पानेली गांव के निकट रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एसटी और एक निजी बस की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, 9 लोग घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, जामनगर-ऊना रूट की एसटी बस और निजी बस के बीच टक्कर हुई। हादसे में 62 साल की महिला मालती जोगी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में घायल सभी करीब 9 लोगों को तत्काल उपचार के लिए उपलेटा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। हादसे में एसटी बस के चालक और कंडक्टर को भी गंभीर चोटें आईं। उनकी हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गहन उपचार के लिए जूनागढ़ रेफर किया गया। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।

राजकोट की कंपनी में भीषण आग, तीन फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

राजकोट. जिले में शापर-वेरावल के पास स्थित पड़वला इंडस्ट्रीज क्षेत्र में जे.के. पॉलिमर्स कंपनी में रविवार तड़के अचानक भीषण आग लगने से भारी अफरा-तफरी मच गई। तीन फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े पांच बजे शापर-वेरावल फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।
हालांकि आग की तीव्रता लगातार बढ़ने के कारण राजकोट फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद राजकोट की फायर फाइटर टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। आग अधिक विकराल होने के कारण गोंडल फायर ब्रिगेड की भी मदद ली गई।
प्लास्टिक का कच्चा माल आग की चपेट में आने से धुएं के गुबार दूर तक दिखाई दे रहे थे। फायर विभाग की विभिन्न टीमों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास किए। इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *