कैथल में शहर थाना पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर एक मकान से भारी मात्रा में लाहण बरामद किया। डेरा गरजा सिंह में अवैध शराब तस्करी करने वाले एक आरोपी ने अपने बेडरूम में गड्ढा खोदकर उसमें एक हजार लीटर की टंकी दबा रखी थी और उसे कच्ची शराब की फैक्ट्री के रूप में प्रयोग कर रहा था। टंकी में गुड़, पानी और अन्य सामान से लाहण तैयार किया जा रहा था, जिससे बाद में कच्ची शराब तैयार की जानी थी। टंकी से करीब साढ़े पांच सौ लीटर लाहण बरामद हुआ है। लाहण को कब्जे में लिया गुप्त सूचना पाकर शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने जमीन में दबी टंकी से नशे का तरल पदार्थ बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। मामले में आरोपी सुखविंदर उर्फ निक्का के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेड के दौरान मिला लाहण शहर थाना एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डेरा गरजा सिंह निवासी सुखविंदर सिंह अवैध शराब तैयार करके ग्राहकों को बेचता है। उसने शराब तैयार करने के लिए अपने मकान में बने बेडरूम में बेड के नीचे लाहण दबा रखा है। पुलिस टीम आरोपी के मकान पर रेड करने पहुंची। जब मकान की तलाश ली गई तो पाया कि आरोपी ने कमरे में गड्ढा बनाकर टंकी दबा रखी थी और ऊपर से टाइलें ढक रखी थी। उसके ऊपर बेड बिछा दिया, ताकि किसी को शक न हो। लाहण को जब्त कर लिया गया छापेमारी के दौरान पुलिस को शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लाहण को जब्त कर लिया। उन्होंने चेतावी देते हुए कहा कि नशे और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध कारोबार करने वालों को चेतावनी दी है कि वे इस तरह का कारोबार तुरंत बंद कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

