जौनपुर के सद्भावना पुल के पास रविवार को 12 बजे नव दुर्गा मंदिर पर शिक्षामित्र से सहायक अध्यापक बने शिक्षकों ने एक बैठक की। इस बैठक में नोएडा में होने वाले अधिवेशन में शामिल होने की रणनीति बनाई गई।शिक्षक राजीव सिंह ने बताया कि प्रयागराज और गोरखपुर के अधिवेशन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने पुरानी पेंशन बहाली का आश्वासन दिया था। अब दोनों नेता इस वादे को पूरा करने के लिए सरकार से मंजूरी दिलाने की कोशिश कर रहे हैं।बीते 8 सितंबर को केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में हुई विधान परिषद की सर्वदलीय बैठक में उपमुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से इस मुद्दे पर जल्द फैसला लेने को कहा है। आर्थिक मदद करने की अपील की विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 27 सितंबर को नोएडा में होना तय है।संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ जौनपुर इकाई के अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने आगामी अधिवेशन में ज्यादा से ज्यादा शिक्षकों से नोएडा चलने और सम्मेलन के लिए आर्थिक मदद करने की अपील की। इससे पहले, बैठक में सबसे पहले प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुचरण की माता के निधन पर सभी शिक्षकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। कोषाध्यक्ष रामनारायण यादव ने मिली सहयोग राशि के खर्च का ब्योरा पढ़कर सुनाया। इस बैठक में आशीष श्रीवास्तव, राजीव सिंह, सुनील मौर्य, कामाख्या नारायण राय, रामचंद्र पाल, लाल मणि यादव, लीलाधर पटेल, छोटे लाल कन्नौजिया, गिरीश कुमार भारतीय, हरीराम यादव, रामनारायण यादव और पंधारी यादव समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।

