भोपाल और इंदौर के मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस ने सरकार को तीन महीने का अल्टीमेटम दिया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि अगर तीन महीने में मोहन यादव सरकार ने दोनों शहरों का मास्टर प्लान जारी नहीं किया तो कांग्रेस 50 हजार लोगों के साथ इंदौर से भोपाल तक पदयात्रा निकालेगी और सीएम हाउस में घुसकर विरोध करेगी। पटवारी पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के भोपाल का मास्टर प्लान जारी करने की मांग को लेकर किए गए 31 घंटे के उपवास और धरने के समापन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार को 20 साल हो गए, लेकिन भोपाल का मास्टर प्लान अब तक नहीं आया। ‘वोट देने की सजा दे रही बीजेपी सरकार’ पटवारी ने कहा कि लोगों ने बीजेपी को केंद्र और राज्य दोनों में सरकार बनाने का मौका दिया। सांसद, विधायक और महापौर चुने, लेकिन अब यही सरकार लोगों को वोट देने की सजा दे रही है। उन्होंने कहा, “अब मोदी… मोदी… मोदी नहीं, बल्कि राहुल… राहुल… राहुल होने लगा है।” उन्होंने मीडिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चैनल और अखबार मुख्यमंत्री से यह सवाल नहीं पूछते कि आखिर भोपाल का मास्टर प्लान क्यों नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना राजनीतिक और जनहित का रोल निभा रही है और मास्टर प्लान जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। पटवारी बोले- बीजेपी सरकार ‘कैंसर का कीटाणु’ पटवारी ने बीजेपी और मध्य प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण बालाघाट, सागर, छिंदवाड़ा और इंदौर में लोगों की जान गई। उन्होंने बीजेपी सरकार को “कैंसर का कीटाणु” बताते हुए कहा कि सरकार को जनता के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। पीसी शर्मा बोले- 21 साल से नहीं आया मास्टर प्लान पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि हर दस साल में मास्टर प्लान आना चाहिए, लेकिन भोपाल का मास्टर प्लान 21 साल से नहीं आया है। इससे व्यवसायी और रहवासी दोनों परेशान हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि आवासीय और कमर्शियल जमीन से होने वाले फायदे और कमाई को देखते हुए बीजेपी के नेता और अधिकारी मास्टर प्लान जारी नहीं होने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल का आखिरी मास्टर प्लान 1995 में तत्कालीन दिग्विजय सिंह सरकार के समय आया था, जो 2005 तक के लिए था। शर्मा ने भी कहा कि अगर तीन महीने में मास्टर प्लान नहीं लाया गया तो कांग्रेस 50 हजार लोगों के साथ इंदौर से भोपाल तक पदयात्रा निकालकर सीएम हाउस का घेराव करेगी। धरने के समापन कार्यक्रम में विधायक नितेंद्र सिंह राठौर, मुकेश नायक समेत कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे।

