कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले दीपोत्सव की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। कलेक्टर ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की फॉलोअप बैठक लेकर जिले में चल रही योजनाओं और सरकारी कामों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी से जुड़े आवेदनों का तय समय में निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने जाति, निवास प्रमाण पत्र और राशन कार्ड सहित सभी आवेदनों को समय-सीमा के भीतर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा के बाद भी प्रकरण लंबित रहने पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों में शिविर लगाकर विद्यार्थियों के जाति, निवास और अन्य जरूरी प्रमाण पत्र बनाने को कहा। आवेदन निरस्त करने की स्थिति में आवेदक को इसका स्पष्ट कारण बताने के निर्देश भी दिए। सीमांकन के आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया। प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश कलेक्टर ने पीएमएवाई के लंबित प्रकरणों को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों को बुलाकर योजना की जरूरी जानकारी देने और प्रकरणों में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा। अभनपुर एसडीएम के काम की सराहना करते हुए उन्होंने अन्य एसडीएम को भी इसी तरह प्रभावी तरीके से काम करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को आरआरसी वसूली में तेजी लाने और तय लक्ष्य के अनुसार प्रगति करने को कहा। पीएम किसान सम्मान निधि का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने तिलापिया मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर विकसित करने की कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर रायपुर जिले में तिलापिया मछली उत्पादन को बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया जा सकता है। इसके साथ ही सभी जोन में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने और खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। विभागों के अधिकारी रहे मौजूद कलेक्टर ने नागरिक सुविधाओं से जुड़े कामों में तेजी लाने और मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं और सरकारी कामों की प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

