अलीगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी कांस्टेबल की सतर्कता से एक युवक की जान बच गई। घटना 10 सितंबर की है। जीआरपी कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को प्लेटफॉर्म के किनारे संदिग्ध हालत में घूमते देखा। युवक अचानक ट्रैक की ओर बढ़ने लगा। पुष्पेंद्र सिंह तुरंत दौड़े और युवक को पीछे से खींचकर प्लेटफॉर्म पर ले आए। इसके बाद युवक को जीआरपी थाने लाया गया। पूछताछ में उसने घरेलू विवाद के कारण परेशान होने की बात बताई। जीआरपी ने उसके परिवार से संपर्क किया। परिवार के पहुंचने पर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जीआरपी अधिकारियों ने कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह की सतर्कता और तत्परता की सराहना की है।

