बेंगलुरु की जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल में कई पोर्न वीडियो और पेन ड्राइव में वेब सीरीज मिले हैं। शनिवार को फोन और अन्य डिवाइस की फोरेंसिक जांच में यह खुलासा हुआ। क्राइम ब्रांच ने 11 अगस्त को बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में छापेमारी की थी। अधिकारियों ने रेवन्ना को जेल की कोठरी में मोबाइल चलाते हुए पकड़ा था। छापेमारी में फोन, चार्जर, पेन ड्राइव और नोटबुक जब्त की गई थी। प्रज्वल जनता दल (सेक्युलर) के विधायक एचडी रेवन्ना का बेटा और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पोता है। वह महिलाओं से रेप केस में अगस्त 2025 से बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। जेल में प्रज्वल को मोबाइल पहुंचाने के आरोप में 9 गिरफ्तार बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन और सिम कार्ड पहुंचाने के तीन मामलों में पुलिस ने शुक्रवार को 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि कुछ मोबाइल फोन जेल वार्डर और सिम कार्ड अंडरट्रायल कैदी के जरिए अंदर पहुंचाए गए थे। दूसरे मामले में जेल वार्डर श्रीनिवास नाइक पर करीब 12 मोबाइल फोन अवैध रूप से जेल में पहुंचाने का आरोप है। तीसरे मामले में एक मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचाने में चीफ वार्डर विजय कुमार की कथित भूमिका सामने आई। मेड ने प्रज्वल पर कई बार रेप का आरोप लगाया था प्रज्वल के परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली 47 साल की महिला ने अप्रैल 2024 में उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। उसने प्रज्वल पर 2021 से कई बार रेप करने और किसी को भी घटना के बारे में बताने पर वीडियो लीक करने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। कोर्ट ने 18 जुलाई 2025 को इस मामले की सुनवाई पूरी की थी। प्रज्वल के खिलाफ रेप, ताक-झांक, आपराधिक धमकी और अश्लील तस्वीरें लीक करने सहित कई धाराओं के तहत आरोप तय किए थे। प्रज्वल को एक अगस्त 2025 को पीपुल्स रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पेशल कोर्ट ने दोषी ठहराया था। उसे अगले दिन 2 अगस्त को उम्रकैद की सजा सुनाई गई और 11.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसमें से 11.25 लाख रुपए पीड़ित को देने का निर्देश दिया गया था। प्रज्वल के खिलाफ रेप के तीन और मामले चल रहे हैं। इन मामलों की सुनवाई अभी बाकी है।
बेंगलुरु- प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल में कई पोर्न वीडियो मिले:जेल में मोबाइल चलाते पकड़ाया था; पूर्व PM का पोता रेप केस में उम्रकैद काट रहा

