US Ambassador Sergio Gor ने मणिपुर की Loktak Lake में किया नौका विहार

US Ambassador Sergio Gor ने मणिपुर की Loktak Lake में किया नौका विहार

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने मणिपुर की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान बिष्णुपुर जिले में स्थित मीठे पानी की पूर्वोत्तर की सबसे बड़ी झील लोकटक में शनिवार को नौका विहार किया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। गोर कोलकाता में अमेरिकी महावाणिज्यदूत कैथी जाइल्स-डियाज के साथ शुक्रवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने लोकटक झील का दौरा किया और वहां नौका विहार किया।’’
गोर ने शुक्रवार शाम मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से अलग-अलग मुलाकात की थी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मिलने का अवसर मिला। हमने अमेरिका और भारत के बीच निरंतर संपर्क के महत्व पर चर्चा की।’’
अमेरिकी राजदूत ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मणिपुर को लेकर मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण के बारे में जानकर उन्हें अच्छा लगा।

गोर ने कहा, ‘‘हमने इस बारे में विचारों का आदान-प्रदान किया कि अमेरिका और भारत आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने मुझे मणिपुर संगाई महोत्सव में फिर से आने का निमंत्रण भी दिया।’’
गोर ने अपनी यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को पूर्ववर्ती मणिपुर साम्राज्य की प्राचीन राजधानी कांगला किले का दौरा किया। इसके साथ ही वह महिलाओं द्वारा संचालित प्रसिद्ध बाजार ‘ख्वाइरामबंद कैथल’ भी गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *