राष्ट्रीय राजधानी में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आयोजन के मद्देनजर शनिवार को कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा जिसके कारण मध्य दिल्ली एवं आसपास के इलाकों में मार्गों में बदलाव किया जा सकता है तथा यात्रियों को यातायात संबंधी पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, ये पाबंदियां रात साढ़े नौ बजे तक लागू रहेंगी।
खास तौर पर भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास तथा मध्य दिल्ली को शहर के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात संबंधी प्रतिबंध लगाए जाएंगे। रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट और सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर दिन के अलग-अलग समय में यातायात नियंत्रित किया जाएगा। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और शिखर सम्मेलन से जुड़े यातायात प्रतिबंधों तथा अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी) की आवाजाही के कारण होने वाली देरी से बचने के लिए जहां तक संभव हो, मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करें।
वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और प्रभावित मार्गों पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है। पुलिस ने बताया कि आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा। यातायात संबंधी ये व्यवस्थाएं दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के लिए सुरक्षा और आवाजाही संबंधी उपायों का हिस्सा हैं।
सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य देशों के नेता और साझेदार देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। भारत शनिवार और रविवार को नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

