बिलासपुर से प्रयागराज और फिर दिल्ली जाने वाली अलायंस एयर की फ्लाइट (नंबर 9I 698) में शुक्रवार दोपहर को हवा में ही एक बड़ी तकनीकी खराबी आ गई। मेरठ के आसमान पर पहुंचने के बाद विमान के इंजन में खराबी का पता चला। इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह है कि विमान में सवार क्रू मेंबर्स समेत 40 लोग सुरक्षित हैं। अब डीजीसीए ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यह विमान बिलासपुर-प्रयागराज-दिल्ली रूट पर उड़ान भरता है। जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, शुक्रवार सुबह 10:45 बजे यह फ्लाइट बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। सुबह करीब 11:58 बजे यह प्रयागराज पहुंचा। कुछ देर रुकने के बाद दोपहर 12:33 बजे विमान नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जब फ्लाइट मेरठ के आसपास पहुंची, तो पायलट को एक इंजन में तकनीकी समस्या महसूस हुई। पायलट ने तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर घोषित की गई इमरजेंसी पायलट की सूचना मिलते ही इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल और एंबुलेंस सहित सभी जरूरी इंतजाम किए गए। दोपहर करीब 2:15 बजे पायलट ने सूझबूझ से विमान को सुरक्षित उतार लिया, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। यात्रियों ने लैंडिंग के बाद ली राहत की सांस अलायंस एयर की फ्लाइट में लैंडिंग से करीब 30 मिनट पहले तकनीकी समस्या की खबर मिलते ही यात्री सहम गए। यात्रियों के अनुसार, विमान का बायां इंजन अचानक बंद हो गया। इसके बाद विमान में सवार यात्रियों की नजरें लगातार उसी तरफ बनी रहीं। हालांकि, विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हो गई, लेकिन लैंडिंग होने तक यात्रियों के बीच डर और तनाव का माहौल बना रहा। लैंडिंग के बाद भी यात्रियों ने राहत की सांस ली। 15 दिन में अलायंस एयर के विमान में दूसरा हादसा अलायंस एयर के विमान में तकनीकी खराबी और हादसे की यह दो सप्ताह के भीतर दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट (9I 613) के साथ भी हादसा होते-होते बचा था। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उस विमान का बायां टायर फट गया था। टायर फटने से यात्रियों को जोरदार झटका लगा। रनवे पर चिंगारी निकली और तेज घर्षण हुआ था। उस समय विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे। दो सप्ताह के भीतर हुई इन दो बड़ी घटनाओं ने एलायंस एयर के विमानों के मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली में कराई गई है आपात लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित अलायंस एयर कंपनी के स्टेशन मैनेजर प्रसन्न सोनी ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विमान में तकनीकी समस्या की वजह से दिल्ली में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। इस घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
————————–

