Kareena Kapoor Expressions: मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ का ट्रेलर लॉन्च होने के बाद करीना कपूर खान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इवेंट में एक्ट्रेस अलग-अलग तरह के एक्सप्रेशन देती नजर आई थीं। अब करीना कपूर ने खुद खुलासा किया है कि आखिर ट्रेलर लॉन्च पर उन्होंने इतने एक्सप्रेशन क्यों दिए थे। एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में बताया कि फिल्म में उन्हें ऐसा करने का मौका ही नहीं मिला था।
शुक्रवार को मुंबई में ‘दायरा’ के एक प्रमोशनल इवेंट का आयोजन किया गया। इसमें लेखक गुलजार, निर्देशक मेघना गुलजार, करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन शामिल हुए। इसी दौरान करीना ने ट्रेलर लॉन्च के अपने वायरल वीडियो और अपने एक्सप्रेशन को लेकर बात की।
‘फिल्म में मौका नहीं मिला, इसलिए ट्रेलर लॉन्च पर कर दिया’
करीना ने हंसते हुए कहा कि ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने करीब 100 एक्सप्रेशन दिए थे। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म में उन्हें इस तरह एक्सप्रेशन देने का मौका नहीं मिला, क्योंकि मेघना गुलजार ने उनके किरदार को काफी कंट्रोल करके रखा था।
एक्ट्रेस के मुताबिक, फिल्म में वह एक पुलिस ऑफिसर का किरदार निभा रही हैं। उनके किरदार के कई सीन ऐसे हैं, जहां वह दूसरे एक्टर्स का इंटरव्यू लेती हैं और दोनों के बीच एक टेबल होती है। ऐसे में कैमरा ज्यादातर उनके चेहरे पर ही रहता था। करीना ने मजाक में बताया कि उनके पैर हमेशा कांपते रहते थे कि आखिर उनका ‘बेबो वाला एक्सप्रेशन’ कब देखने को मिलेगा। लेकिन जब भी वह ऐसा करने की कोशिश करतीं, मेघना उन्हें रोक देती थीं और कहती थीं, ‘नहीं।’
18 सितंबर को रिलीज होगी ‘दायरा’
‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में करीना कपूर खान पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगी। उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म की रिलीज डेट पर कुणाल खेमू की ‘वाइब’ से भी टक्कर होगी। दोनों फिल्में 18 सितंबर को ही सिनेमाघरों में पहुंचेंगी।
कुणाल खेमू की फिल्म को लेकर क्या बोलीं करीना?
ट्रेलर लॉन्च के दौरान करीना से कुणाल खेमू के साथ होने वाले बॉक्स ऑफिस क्लैश को लेकर भी सवाल किया गया था। उन्होंने कुणाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह इंडस्ट्री के बेहतरीन एक्टर्स में से एक हैं और उनकी कॉमिक टाइमिंग का कोई मुकाबला नहीं है।
करीना ने कहा कि सिनेमा में दो अच्छी फिल्मों के लिए जगह है और उन्हें पूरा भरोसा है कि ‘वाइब’ अच्छा करेगी। उन्होंने कहा कि फिल्म मजेदार और कॉमेडी से भरपूर होगी और दर्शकों को कुणाल का एक अलग अंदाज देखने को मिलेगा। करीना ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि “सोना मेरे घर ही आए”, इसलिए वह खुश हैं और उन्हें यकीन है कि दोनों फिल्में अच्छा प्रदर्शन करेंगी।


