Kolkata Police ने Bageshwar Baba की तस्वीर जलाने पर Congress नेता को किया गिरफ्तार

Kolkata Police ने Bageshwar Baba की तस्वीर जलाने पर Congress नेता को किया गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के एक नेता को बागेश्वर धाम के महंत एवं ‘बागेश्वर बाबा’ के नाम से चर्चित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीर जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक कांग्रेस नेता बागेश्वर बाबा द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल के लोगों से मांसाहार नहीं करने की अपील के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अतनु दास को बृहस्पतिवार देर रात टॉलीगंज इलाके में उनके घर से हिरासत में लिया और एक विरोध प्रदर्शन के दौरान शास्त्री की तस्वीर जलाने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिन्होंने भवानीपुर पुलिस थाना के बाहर शास्त्री की तस्वीर जलाई थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई।

शुभेंदु ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा, ‘‘हाल ही में एक संत हमारे राज्य में आए थे और उन्होंने देशभक्ति, राष्ट्रवाद, एकजुट राष्ट्र की भावना और देश की परंपरा व संस्कृति के आदर्शों के बारे में अपने तरीके से बात की। जो लोग इन्हें अपनाना चाहते हैं, वे अपना सकते हैं, जबकि बाकी लोग इन्हें अस्वीकार करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने किसी पर कुछ भी थोपा नहीं।

लेकिन मैंने कुछ लोगों को भवानीपुर पुलिस थाने के सामने उनकी तस्वीरें जलाते हुए देखा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहीं से कोलकाता के पुलिस आयुक्त को उन लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दे रहा हूं। हम इस राज्य में ऐसी गतिविधियां अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे। यहां तुष्टीकरण की राजनीति बहुत हो चुकी है।’’
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी दास के साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने दावा किया कि पहले भी ज्योति बसु, बुद्धदेव भट्टाचार्य, अटल बिहारी वाजपेयी और ममता बनर्जी जैसे बड़े नेताओं के पुतले जलाए गए थे, लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई थी। कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि पार्टी बंगालियों के अपमान के खिलाफ अपनी आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *