Israeli Airstrike on Gaza: इजराइली वायु सेना ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस इलाके में एयरस्ट्राइक करके हमास की मिलिट्री विंग अल-क़साम ब्रिगेड को बड़ा झटका दिया है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि इस सटीक हमले में हमास की खान यूनिस ब्रिगेड का टॉप कमांडर मोहम्मद यज़ौरी मारा गया। हमले में उसके साथ हमास के दो अन्य अहम सदस्य भी मारे गए। वहीं, फिलिस्तीनी मीडिया और हमास से जुड़े प्लेटफॉर्म्स ने भी कमांडर की मौत की पुष्टि की है और श्रद्धांजलि पोस्टर जारी किए हैं।
एयरस्ट्राइक में तीन मौत
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए इजराइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने बताया कि हमास की खान यूनिस ब्रिगेड के कमांडर मोहम्मद यज़ौरी को खान यूनिस इलाके में एक सटीक हमले में मार गिराया गया। हमले में उसके साथ उसी ब्रिगेड से जुड़े कंपनी कमांडर हुदैफा मुअम्मर और मोहम्मद बहजत रशी भी मारे गए।
यज़ौरी ने ब्रिगेड में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली थीं
इजराइली सेना के अनुसार, मोहम्मद यज़ौरी लंबे समय से हमास में सक्रिय था और खान यूनिस ब्रिगेड में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुका था। ब्रिगेड कमांडर बनने से पहले, उसने खान यूनिस ब्रिगेड के डिप्टी कमांडर, कॉम्बैट सपोर्ट बटालियन के कमांडर और ब्रिगेड के इंटेलिजेंस विभाग के प्रमुख के तौर पर काम किया था।
इजराइली सेना का आरोप है कि हाल के महीनों में यज़ौरी ब्रिगेड के लड़ाकों को निर्देशित कर रहा था और उसने इजराइली नागरिकों और IDF सैनिकों पर हमले की साजिश रचने में भूमिका निभाई थी। IDF के अनुसार, यज़ौरी युद्ध के दौरान हुए नुकसान के बाद खान यूनिस ब्रिगेड की सैन्य क्षमताओं को फिर से बनाने और मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। इजराइली सेना का दावा है कि यज़ौरी ने हाल के महीनों में IDF सैनिकों पर कई हमलों को आगे बढ़ाने का काम किया और ब्रिगेड की सैन्य ताकत को बहाल करने की कोशिश की।
हमास ने भी की पुष्टि
हमास सदस्यों की मौत की जानकारी देने वाले आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर मोहम्मद अब्दुल सलाम अल-याज़ूरी उर्फ अबू अल-हैथम की मौत की पुष्टि कर दी गई है और उनकी शहादत की घोषणा करने वाला एक पोस्टर भी जारी किया गया है। इसके अलावा, इजराइली सुरक्षा बलों ने मध्य गाजा में एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान फराह हामिद के मारे जाने की पुष्टि की है, हामिद वह आतंकवादी था जो 2002 में हुई गोलीबारी की एक जानलेवा घटना के लिए ज़िम्मेदार था।


LIVE updates: