‘हनुमान अंश’ तो सिर्फ ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है; कैंची धाम से लेकर पावरफुल हस्तियों पर प्रभाव तक, नीम करोली बाबा के दिखेंगे कई चमत्कार

‘हनुमान अंश’ तो सिर्फ ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है; कैंची धाम से लेकर पावरफुल हस्तियों पर प्रभाव तक, नीम करोली बाबा के दिखेंगे कई चमत्कार

Hanuman Ansh 2 Virat Kohli-Anushka Sharma: साल 2026 में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर पर आधारित इस फिल्म को लेकर अब इसके अगले हिस्से की चर्चा तेज हो गई है। फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्या भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी इसमें दिखाई देंगे। फिल्म की निर्माता नम्रता सिंह ने इस बारे में संकेत देते हुए बताया है कि स्टार कपल से बातचीत की गई है।

विराट और अनुष्का का नीम करौली बाबा से जुड़ाव

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा लंबे समय से नीम करौली बाबा के प्रति अपनी आस्था को लेकर चर्चा में रहे हैं। दोनों कैंची धाम भी जा चुके हैं। यही वजह है कि ‘हनुमान अंश’ के ट्रेलर के दौरान भी नीम करौली बाबा के भक्तों की चर्चा में विराट और अनुष्का का नाम सामने आया था। अब फिल्म के दूसरे भाग में उनकी संभावित मौजूदगी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

निर्माता नम्रता सिंह के मुताबिक फिल्म से जुड़े कुछ लोगों से संपर्क किया गया है और वे इस प्रोजेक्ट के बारे में पहले से जानते हैं। हालांकि अभी तक विराट कोहली या अनुष्का शर्मा की तरफ से फिल्म में काम करने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए उनकी एंट्री को फिलहाल संभावित ही माना जा रहा है।

तीन हिस्सों में बनाई जाएगी फिल्म की कहानी

‘हनुमान अंश’ को शुरुआत से ही ट्रिलॉजी के तौर पर तैयार करने की योजना थी। पहले भाग में नीम करौली बाबा के शुरुआती जीवन, उनके आध्यात्मिक विकास और देश के अलग-अलग हिस्सों में किए गए भ्रमण को कहानी का आधार बनाया गया।

अब दूसरे भाग में कहानी उनके जीवन के कैंची धाम वाले दौर पर केंद्रित होगी। इसके साथ ही उन लोगों और भक्तों की कहानियां भी दिखाई जाएंगी, जिनके जीवन में संत का महत्वपूर्ण प्रभाव रहा। ऐसे में फिल्म का दूसरा हिस्सा केवल बाबा के जीवन की घटनाओं तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि उनके भक्तों के अनुभवों को भी कहानी का हिस्सा बनाएगा।

तीसरे पार्ट में दिखेगा दुनिया की चर्चित हस्तियों पर प्रभाव

फिल्म की तीसरी कड़ी का दायरा और बड़ा रखने की तैयारी है। इसमें नीम करौली बाबा के आध्यात्मिक प्रभाव को दुनिया की प्रभावशाली और चर्चित हस्तियों के संदर्भ में दिखाया जाएगा। इस तरह तीनों फिल्मों के जरिए उनके जीवन और विचारों को अलग-अलग चरणों में दर्शाने की कोशिश की जाएगी।

‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब मेकर्स इसके दूसरे और तीसरे भाग को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। विदेशों में भी फिल्म की पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। ऐसे में अगर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की फिल्म में मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो इससे ‘हनुमान अंश 2’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *