आगरा में फतेहाबाद महिला मंडल की ओर से हरियाली तीज का उत्सव पूनम अरुण दोनेरिया के आवास पर केंद्रीय संयोजिका रेनू संजय अनवारिया की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना एवं संकल्प गीत के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता रवि शल्या, केंद्रीय रक्तदान संयोजिका शिवानी, भजन मंडली की बहनों सहित महिला मंडल की सदस्याएं मौजूद रहीं। सभी बहनों का तिलक लगाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान महिलाओं से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी सृष्टि भी सुरक्षित रहेगी। कार्यक्रम में मनोरंजन के लिए तंबोला गेम कराया गया। इसमें ममता गुप्ता ने प्रथम, कल्पना गुप्ता ने द्वितीय तथा राखी गुप्ता और शिवानी गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समय पर पहुंचने का पुरस्कार रिंकी गुप्ता को दिया गया। सभी विजेता महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद महिलाओं ने सावन की मल्हार और विभिन्न सावन गीतों का आनंद लिया। गीतों पर महिलाओं ने नृत्य किया और झूला झूलकर हरियाली तीज का उत्सव मनाया। नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता रवि शल्या ने महिलाओं से गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग देने की अपील की, जिससे स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। अंत में सभी महिलाओं ने स्वल्पाहार ग्रहण किया। इस अवसर पर रेनू गुप्ता, मीना गुप्ता, अर्चना गुप्ता, राखी गुप्ता, पूनम गुप्ता, रेखा गुप्ता, रिंकी गुप्ता, सुनीता गुप्ता, कंचन गुप्ता, गीता गुप्ता, साधना गुप्ता, ममता गुप्ता, कल्पना गुप्ता, रजनी गुप्ता, उषा गुप्ता, सीता गुप्ता सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।

