मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के जिलहड़ी गांव में गुरुवार रात मारपीट की घटना सामने आई। घर के पास पहुंचे दो लोगों ने जगन्नाथ कुशवाहा (47) से गाली-गलौज की। विरोध करने पर एक आरोपी ने बांस की लाठी से उन पर हमला कर दिया। हमले में मजदूर के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया। पत्नी और बेटे ने पहुंचकर कराया बीच-बचाव पुलिस के अनुसार मजदूर ने पत्नी गीता कुशवाहा और बेटे अंकुश कुशवाहा के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी के मुताबिक 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे राजबहादुर सिंह और शैलेन्द्र सिंह उनके घर के पास आए और गाली-गलौज करने लगे। मजदूर ने जब गाली देने से मना किया तो आरोप है कि राजबहादुर सिंह ने बांस की लाठी से हमला कर दिया। शैलेन्द्र सिंह पर भी मारपीट के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर पत्नी गीता और बेटा अंकुश मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी का आरोप फरियादी ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी जाते समय दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी देकर गए। मारपीट में जगन्नाथ के सिर, पीठ और दाहिने हाथ के अंगूठे व पास की उंगली में चोट और सूजन आई है। पुलिस ने दर्ज किया मामला नईगढ़ी थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

