अयोध्या के हनुमान गुफा चौराहे पास एक मैदान में कई दिनों से चल रही ड्रीमलैंड प्रदर्शनी व मेला में विद्युत निगम की विजिलेंस टीम ने बड़ी बिजली चोरी पकड़ी है। प्रवर्तन टीम को छापेमारी के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में विद्युत उपकरण चलाए जा रहे मिले। पूरा ऐरिया रोशनी से जगमगाता मिला। और पंखे, फ्रिज व बल्ब जल रहे थे, लेकिन कोई विद्युत कनेक्शन नहीं लिया गया था। मालिक व प्रबंधक के विरुद्ध एंटी पावर थेफ्ट थाने में मुकदमा पंजीकृत टीम ने लगभग 20 किलोवाट की बिजली चोरी के आरोप में मालिक व प्रबंधक के विरुद्ध एंटी पावर थेफ्ट थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है। प्रवर्तन दस्ता प्रभारी उप निरीक्षक राम हरी ने बताया कि बिजली चोरी की सूचना पर गुरुवार को अवर अभियंता विजिलेंस दीपक तिवारी व अवर अभियंता सुनील कुमार के साथ मौके पर छापा मारकर जांच की गई। इस दौरान किसी भी प्रकार का बिजली कनेक्शन नहीं मिला, इसलिए कोई स्वीकृत भार नहीं रहा। बावजूद इसके सीधे तार खींचकर वहां मोटर चालित दस बड़े झूले, बच्चों की दो ट्रेन, बेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, ग्राइंडर, डीप फ्रीजर, 20 फर्राटा पंखा, 22 हेलोजन बल्ब, 100 एलईडी बल्ब व 20 ट्यूबलाइट जलाए जा रहे थे। प्रभारी ने बताया कि मालिक राकेश शुक्ल व प्रबंधक ब्रजेश पांडेय के खिलाफ अवर अभियंता दीपक तिवारी ने धारा 135-बी के तहत मुकदमा पंजीकृत करा दिया है। छापेमारी के दौरान टीम में टेक्नीशियन सच्चिदानंद, मुख्य आरक्षी अक्षय प्रताप सिंह, ब्रजेश कुमार, अनुराग मिश्रा व जयशंकर प्रसाद भी शामिल रहे। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी के विरुद्ध प्रवर्तन दस्ते की कार्रवाई सतत रूप से जारी है।

