गोंडा में जिला प्रशासन ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे गोंडा-उतरौला रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक और सब्जी मंडी के सामने बुलडोजर चलाकर 20 से ज्यादा अस्थाई दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। सड़क के दोनों ओर किया था कब्जा प्रशासन के मुताबिक, गोंडा मनकापुर बस स्टॉप से लेकर सब्जी मंडी तक सड़क के दोनों ओर लोगों ने अस्थाई दुकानें लगाकर अतिक्रमण कर रखा था। इससे सड़क संकरी हो गई थी और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती थी। अतिक्रमण के कारण इस मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। हादसों की आशंका भी बनी रहती थी। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को पहले कई बार जगह खाली करने की चेतावनी और नोटिस दिए थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान खुद सामान हटाते दिखे दुकानदार गुरुवार को नगर पालिका, जिला प्रशासन और तहसील की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। लोक निर्माण विभाग की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाकर उसे खाली कराया गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार खुद ही अपनी अस्थाई दुकानें और सामान हटाते नजर आए। इसके बाद टीम ने बुलडोजर से बाकी अतिक्रमण को हटा दिया।
दोबारा कब्जा किया तो होगी कार्रवाई नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया था। अस्थाई दुकानें और अन्य कब्जे होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। अतिक्रमणकारियों को पहले भी कई बार नोटिस देकर हटने के लिए कहा गया था। इसके बाद गुरुवार को बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। सदर तहसीलदार मनीष ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से कई बार लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने इसे नहीं हटाया। उन्होंने बताया कि नगर पालिका, जिला प्रशासन और तहसील की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया है। अगर दोबारा किसी ने सरकारी जमीन पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

