Eng vs Pak: इंग्लैंड में पाकिस्तान की बैटिंग क्यों ढह रही? पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने बताई वजह

Eng vs Pak: इंग्लैंड में पाकिस्तान की बैटिंग क्यों ढह रही? पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने बताई वजह

England vs Pakistan 3rd Test: पाकिस्तान क्रिकेट टीम का मौजूदा इंग्लैंड दौरा अब तक बेहद खराब गुजरा है। टीम में कई बदलावों के बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की स्थिति में सुधार नहीं आया है। इसकी बानगी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में देखने को मिली, जहां पाकिस्तान की पहली पारी महज 33.5 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खराब प्रदर्शन पर अब पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने बेबाकी से अपनी राय रखी है। उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाजों की तकनीकी खामियों को उजागर किया है।

मोहम्मद यूसुफ क्या बोले?

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘अगर आप गेंद के आने से पहले ही सीना खोलकर (ओपन चेस्ट) क्रीज पर शफल करते रहेंगे, तो आप कभी भी लाइन और लेंथ का सही अंदाजा नहीं लगा पाएंगे और हमेशा अपने शरीर से दूर खेलने की गलती कर बैठेंगे। एक वाक्य में कहें तो आज पाकिस्तान की बल्लेबाजी का यही हाल है। इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, सीख लें।’

पाकिस्तान की तीसरी सबसे छोटी पारी

इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में पाकिस्तान की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसके आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। सऊद शकील, रजुल्लाह और मोहम्मद अब्बास ही कुछ हद तक इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना कर सके। सऊद शकील ने पाकिस्तानी पारी में सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 47 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 43 रन बनाए, जबकि रजुल्लाह और मोहम्मद अब्बास ने क्रमशः 11 और 21 रन का योगदान दिया।

एजबेस्टन टेस्ट मैच की पहली इनिंग में 133 रन का स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की तीसरी सबसे छोटी पारी है। इससे पहले दो छोटी पारियां साल 2010 में आई थीं। 2010 में नॉटिंघम में पाकिस्तान की टेस्ट टीम 80 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जबकि उसी साल लॉर्ड्स में टीम 74 रन पर ढेर हो गई थी।

इंग्लैंड ने बनाई बढ़त

पाकिस्तान की पहली पारी के 133 रनों के जवाब में उतरी इंग्लैंड की टीम पहले दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 156 रन बनाकर 23 रन की बढ़त बना चुकी है। इंग्लैंड की तरफ से एमिलियो गे 60 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेन डकेट, जॉर्डन कॉक्स और कप्तान जो रूट ने क्रमशः 11, 8 और 4 रन का योगदान दिया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक हैरी ब्रुक 60 रन और डैन लॉरेंस 5 रन बनाकर क्रीज पर थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *