केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई-गोवा हाईवे के चौड़ीकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि परियोजना में इतनी देरी हुई है कि उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है। गडकरी ने यह भी कहा कि हाईवे पूरा होने के बाद होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में वह शामिल नहीं होंगे। मुंबई-गोवा हाईवे का चौड़ीकरण लंबे समय से चल रहा है। गडकरी के मुताबिक इसका करीब 93-94% काम पूरा हो चुका है। 93-94% काम पूरा, फिर भी कई जगह दिक्कतें मुंबई-गोवा हाईवे के करीब 440 किलोमीटर लंबे हिस्से में काम पूरा होने के बावजूद कई जगह गड्ढे, जलभराव, मरम्मत और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। हाल की बारिश के बाद नए बने कुछ हिस्सों की सड़क सतह खराब होने की शिकायतें भी मिली हैं। हाईवे पर मई में खारपाड़ा टोल प्लाजा पर टोल शुरू हो गई थी। इसके बावजूद परियोजना के कुछ हिस्सों में काम और सुधार जारी है। हाईवे पर 2021 में बनाया गया बंदरों के लिए एक ओवरपास भी ढह चुका है, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। 2016 तक पूरा होना था हाईवे मुंबई-गोवा हाईवे के चौड़ीकरण का काम तय समय से काफी पीछे चल रहा है। परियोजना को पहले 2016 तक पूरा किया जाना था, लेकिन जमीन अधिग्रहण, निर्माण से पहले की मंजूरियों और ठेकेदारों से जुड़ी समस्याओं के कारण काम में लगातार देरी हुई। 2024 में केंद्र सरकार ने भी संसद में बताया था कि जमीन अधिग्रहण और कुछ ठेकेदारों की आर्थिक दिक्कतों के कारण परियोजना प्रभावित हुई। यह हाईवे मुंबई को कोंकण के रास्ते गोवा से जोड़ता है। इसका महाराष्ट्र वाला हिस्सा करीब 460 किलोमीटर है। परियोजना का यह मार्ग पर्यटन और स्थानीय कारोबार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
ठेकेदारों और अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी गडकरी ने हाईवे के काम में देरी और खराब क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह सबसे ज्यादा ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और अधिकारियों को निलंबित करने का रिकॉर्ड बनाना चाहते हैं। उनका कहना है कि समय पर और गुणवत्ता के साथ काम नहीं करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। हाईवे का काम पूरा होने के बाद वह खुद मुंबई से गोवा तक सड़क मार्ग से यात्रा कर इसकी स्थिति देखेंगे।
गोवा में 5.15 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन गडकरी ने बुधवार को गोवा के पोरवोरिम में 5.15 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया। यह मुंबई-गोवा हाईवे यानी एनएच-66 का हिस्सा है। करीब 641 करोड़ रुपए की लागत से बने इस कॉरिडोर से मापुसा और पणजी के बीच यात्रा का समय व्यस्त समय में करीब 40 मिनट से घटकर 10 मिनट तक होने की उम्मीद है।

