तरनतारन जिले के पट्टी शहर में कॉलेज रोड पर एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। बाइक सवार करीब एक दर्जन लोगों ने युवक को घेरकर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने CCTV फुटेज जब्त कर ली है और सिटी पट्टी थाने की पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बाइक पर सवार होकर आए हमलावर जानकारी के अनुसार, गांव बहमनीवाला का रहने वाला शरणप्रीत सिंह अपने साथी के साथ बाइक पर गांधी संत की तरफ जा रहा था। कॉलेज रोड पर पहुंचते ही बाइक सवार लोगों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में शरणप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया। हमले के बाद घायल शरणप्रीत सिंह को पहले सिविल अस्पताल पट्टी ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे सिविल अस्पताल तरनतारन रेफर कर दिया। हालत बिगड़ने पर उसे अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुरानी दुश्मनी में किया गया हमला घायल युवक के पिता लक्खा सिंह ने बताया कि उनके बेटे पर पुरानी दुश्मनी के चलते हमला किया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सिटी पुलिस स्टेशन के हेड विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

