‘ईरान का साथ दिया तो भुगतना होगा अंजाम’, अमेरिका की खुली चेतावनी, शुरू हुआ ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’

‘ईरान का साथ दिया तो भुगतना होगा अंजाम’, अमेरिका की खुली चेतावनी, शुरू हुआ ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’

Donald Trump: अमेरिका ने ईरान के खिलाफ आर्थिक दबाव और तेज कर दिया है। ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ के तहत अमेरिका ने ईरान की अर्थव्यवस्था को सहारा देने वाली विदेशी कंपनियों और एयरलाइंस पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने साफ चेतावनी दी है कि ईरान की एयरलाइंस और तेहरान से कारोबार करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं, यहां तक कि उन्हें वैश्विक वित्तीय प्रणाली से बाहर किए जाने का जोखिम भी है।

‘महान एयर’ की मदद करने वाली कंपनियों पर लगा बैन

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अमेरिका ने ईरान की प्रमुख एयरलाइन ‘महान एयर’ को समर्थन देने वाली कंपनियों पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सिर्फ एक शुरुआत है और ईरान की अन्य एयरलाइंस के साथ लेन-देन करने वाले संगठनों के लिए यह सीधी चेतावनी है। बेसेंट के अनुसार, अमेरिका अपने उस वादे को पूरा कर रहा है जिसमें तेहरान की मदद करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने की बात कही गई थी।

‘या तो अमेरिका के साथ रहें या अलगाव चुनें’

अमेरिकी प्रशासन ने दुनिया भर के कारोबारियों और देशों के सामने एक स्पष्ट रेखा खींच दी है। वित्त मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका अब ईरान के खतरे को सिर्फ नियंत्रित करने के बजाय उसे पूरी तरह समाप्त करने की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग अमेरिका के साथ व्यापारिक साझेदार बनेंगे, उन्हें लाभ मिलेगा। लेकिन जो तेहरान के शासन से हाथ मिलाएंगे, उन्हें पूरी दुनिया से अलग-थलग होना पड़ेगा।

ईरान को पूरी तरह अलग-थलग करने करने की तैयारी

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अनुसार, इस दमनकारी शासन को आर्थिक सहायता, वित्तीय संसाधन और रसद सप्लाई करने वाले हर रास्ते को बंद किया जा रहा है। बेसेंट ने दावा किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वह सख्त फैसला लिया है, जिसे उनके पुराने राष्ट्रपति सालों से टालते आ रहे थे। इस कदम के बाद अब ईरान का वैश्विक अर्थव्यवस्था से संपर्क पूरी तरह खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *