जयपुर. आमेर मावठा के पास पर्यटकों को आमेर महल जाने का रास्ता बताने पर चाकू के हमले में घायल हुए गाइड ने मंगलवार सुबह करीब सात बजे एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। गाइड मनीष कुमार सोनी की मौत की सूचना मिलने पर परिजन के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गाइड आमेर में एकत्र हो गए। आक्रोशित लोग आमेर गांधी चौक पर रास्ता रोककर धरने पर बैठ गए। इसके चलते सुबह से शाम तक आमेर बाजार में बंद का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। लोग गुण्डागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी कर रहे थे। प्रशासनिक अधिकारियों से आचार संहिता के बाद मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन मिलने के बाद शाम को प्रदर्शन समाप्त कर रास्ता खोला गया।
इन मांगों को लेकर दिया धरना
प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और डेयरी बूथ देने की मांग की। साथ ही हमलावर के घर पर बुलडोजर चलाने, आमेर में अवैध रूप से संचालित जीपों पर रोक लगाने और गाइडों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग उठाई। मंगलवार शाम तक प्रशासन की ओर से मांगों पर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलने के कारण गांधी चौक पर धरना जारी रहा। मनीष के भाई प्रदीप सोनी ने बताया कि हमले के बाद आरोपी पक्ष की ओर से धमकियां भी दी गई थीं। उन्होंने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

कार से गए पर्यटक तो जीप चालक ने किया हमला
आमेर निवासी गाइड मनीष कुमार सोनी से सोमवार सुबह मावठा के कुछ पर्यटकों ने आमेर महल जाने का रास्ता पूछा। मनीष ने उन्हें कार से महल जाने का रास्ता समझा दिया। वहां मौजूद आमेर निवासी जीप चालक आजम ने इसी बात को लेकर मनीष के पेट में चाकू घोंप दिया था।
घोषणा: परिजन को 50 लाख रु. मुआवजा, संविदा पर नौकरी
मृतक के परिजन को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, डेयरी बूथ व संविदा पर नौकरी दी जाएगी। सरकार की ओर से इसकी घोषणा विधायक बालमुकुंदाचार्य और आमेर उपखण्ड अधिकारी सहित पुलिस के अधिकारी की मौजूदगी में की गई। इस घोषणा के बाद मंगलवार शाम को धरना समाप्त कर दिया गया।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है। प्रदर्शनकारियों की उचित मांगों पर जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
करण शर्मा, डीसीपी नॉर्थ

