दौड़ते या खेलते वक्त घुटने में चोट का खतरा, मेयो क्लिनिक ने बताया ऐसे पहचानें ACL Injury के लक्षण

दौड़ते या खेलते वक्त घुटने में चोट का खतरा, मेयो क्लिनिक ने बताया ऐसे पहचानें ACL Injury के लक्षण

ACL Injury Cause: क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन खेलना हो या सुबह-सुबह रनिंग करना फिट रहने के लिए ये गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि अचानक तेजी से दौड़ते समय मुड़ना, ऊंची छलांग लगाकर नीचे आना या अचानक रुकना आपके घुटनों पर कितना दबाव डालता है? खेल-कूद या वर्कआउट के दौरान घुटने में गंभीर चोट लगने का खतरा काफी ज्यादा रहता है। अक्सर खिलाड़ी या आम लोग घुटने में तेज दर्द होने पर इसे मोच मानकर टाल देते हैं, जबकि असलियत में यह ACL Injury (एंटीरियर क्रूशिएट लिगामेंट इंजरी) हो सकती है। ACL इंजरी घुटने के सबसे खतरनाक खिंचाव या टूट-फूट में से एक है। आइए जानते हैं इसे आसानी से कैसे पहचानें और इससे बचने के क्या तरीके हैं।

क्या होता है ACL और यह क्यों फट जाता है?

मेयो क्लिनिक के अनुसार, हमारे घुटने के बीच में मजबूत ऊतकों (Tissues) का एक मुख्य लिगामेंट होता है, जिसे ACL (Anterior Cruciate Ligament) कहते हैं। इसका मुख्य काम जांघ की हड्डी (Thighbone) को पिंडली की हड्डी (Shinbone) से जोड़कर रखना और घुटने को स्थिरता (Stability) देना है। जब घुटने पर जरूरत से ज्यादा मरोड़ या दबाव पड़ता है, तो यह लिगामेंट खिंच जाता है या बीच में से फट जाता है।

ACL इंजरी के मुख्य कारण

  • दौड़ते समय अचानक रुक जाना या अपनी दिशा बदल लेना।
  • छलांग लगाने (Jump) के बाद गलत तरीके से जमीन पर पैर टेकना।
  • पैर जमीन पर मजबूती से जमे होने के दौरान पूरे शरीर को घुमाना (Pivoting)।
  • फुटबॉल या कबड्डी जैसे खेलों में घुटने पर सीधे सामने से या साइड से टक्कर लगना।

ACL Injury के मुख्य लक्षण?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, जब भी घुटने के अंदर ACL टूटता है, तो शरीर तुरंत कुछ साफ संकेत देता है। अगर आपको खेल या दौड़ के दौरान नीचे दिए गए लक्षण महसूस हों, तो सावधान हो जाएं;

  • घुटने में ‘पॉप’ (Pop) की आवाज आना।
  • अचानक तेज दर्द होना।
  • घुटने में तेजी से सूजन आना।
  • घुटने का लचक जाना (Instability)।
  • पैर पर वजन न रख पाना।
  • घुटने को मोड़ने में तकलीफ।

किसे होता है इसका ज्यादा खतरा?

  • एथलीट्स और स्पोर्ट्स लवर्स।
  • महिलाएं।
  • खराब तकनीक या बिना वार्म-अप खेल।

चोट लगने पर तुरंत क्या करें? (R.I.C.E. फॉर्मूला)

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, अगर घुटने में चोट लग जाए और ACL इंजरी का शक हो, तो डॉक्टर के पास जाने से पहले R.I.C.E. फॉर्मूला अपनाएं;

  • R (Rest)- चोटिल घुटने को पूरी तरह आराम दें और उस पर वजन न डालें।
  • I (Ice)- दिन में 3-4 बार 15-20 मिनट के लिए बर्फ की सिकाई करें ताकि सूजन कम हो।
  • C (Compression)- घुटने पर क्रेप बैंडेज (Crepe Bandage) या नी-कैप हल्के हाथों से बांधें।
  • E (Elevation)- बैठते या लेटते समय घुटने के नीचे तकिया लगाकर उसे थोड़ा ऊंचा रखें।

डॉक्टर से परामर्श कब है जरूरी?

घुटने की चोट को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर आपको घुटने में लचक, तेज दर्द या चलने में असमर्थता महसूस हो रही है, तो तुरंत किसी ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग विशेषज्ञ) से संपर्क करें। डॉक्टर आमतौर पर इसकी पुष्टि के लिए एक्स-रे या MRI (एमआरआई) की सलाह देते हैं। समय पर सही इलाज (फिजियोथेरेपी या जरूरत पड़ने पर सर्जरी) से खिलाड़ी और आम लोग दोबारा अपनी पुरानी रफ्तार और खेल में पूरी तरह वापस लौट सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *