मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार, मुरादाबाद में मंडलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में लघु उद्योग भारती, आईआईए सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मंडलायुक्त का स्वागत किया। संयुक्त आयुक्त उद्योग द्वारा पिछली बैठक दिनांक 14 जुलाई 2026 की कार्यवाही से समिति को अवगत कराया गया। कार्यवाही पर कोई टिप्पणी प्राप्त न होने पर उसकी पुष्टि करते हुए एजेंडावार समीक्षा की गई। डियर पार्क को पर्यटन एवं उद्यमिता का केंद्र बनाने पर जोर
बैठक में बसंतपुर रामराय वन ब्लॉक स्थित डियर पार्क के संचालन एवं विकास पर चर्चा हुई। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी द्वारा बताया गया कि सौंदर्यीकरण, ईको टूरिज्म एवं नगर वन योजना के अंतर्गत भाग-01 में ₹242.25 लाख तथा भाग-02 में ₹208.95 लाख, कुल ₹451.20 लाख का प्रस्ताव तैयार कर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश को भेजा गया है।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रस्ताव में ऐसे प्रावधान किए जाएं, जिनसे मुरादाबाद में पर्यटन एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिले। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी परियोजना की सफलता केवल परिसंपत्तियों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी उपयोग और आम नागरिकों को मिलने वाला वास्तविक लाभ ही सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। कॉमन फैसिलिटी सेंटर के प्रभावी संचालन के लिए समिति गठित करने के निर्देश
लकड़ी फाजलपुर में स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत संचालित कॉमन फैसिलिटी सेंटर के प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने इसे मुरादाबाद के कारीगरों के लिए उपयोगी बताते हुए अपर नगर आयुक्त, मुरादाबाद की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए।
समिति कॉमन फैसिलिटी सेंटर के संचालन में आ रही कठिनाइयों का अध्ययन कर उनके समाधान के सुझाव प्रस्तुत करेगी, ताकि उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। मंडलायुक्त ने परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी संचालन तथा नागरिकों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
मुरादाबाद स्थित एसईजेड के विकास और नए निवेश को गति देने पर चर्चा
बैठक में मुरादाबाद स्पेशल इकोनॉमिक जोन (MSEZ) के विकास, निवेश प्रोत्साहन एवं निर्यात संवर्धन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एसईजेड की ओर से अवगत कराया गया कि यूपीएसआईडीए मुरादाबाद स्पेशल इकोनॉमिक जोन को डिनोटिफाई किए जाने के संबंध में कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि यदि एसईजेड की इकाइयों को घरेलू इकाइयां लगाने के लिए डिनोटिफाई किया जाता है, तो लंबे समय से रिक्त पड़े भूखंडों पर निवेशकों को आकर्षित किया जा सकेगा और इससे औद्योगिक क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इसके लिए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार की सहमति हेतु कार्रवाई की जा रही है।
मंडलायुक्त ने क्षेत्र प्रबंधक को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रगति से समिति को नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए। पाकबड़ा अंडरपास एवं संपर्क मार्ग का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश
पाकबड़ा अंडरपास की खराब सड़क के संबंध में परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय राजमार्ग, मुरादाबाद द्वारा अवगत कराया गया कि अंडरपास पर नाला एवं सर्विस रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। नाले का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। धनपुरा सीएनजी पंप के सामने सड़क निर्माण का प्रकरण कार्ययोजना में शामिल
धनपुरा सीएनजी पंप के सामने सड़क निर्माण के संबंध में बताया गया कि इस सड़क को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है। धनराशि प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। समिति द्वारा इस प्रकरण पर सहमति व्यक्त की गई। बिजनौर के ODOP सीएफसी प्रकरण के निस्तारण के निर्देश
जनपद बिजनौर में ODOP योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन CFC देवदार एसोसिएट्स को प्रदूषण विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र तथा जिला पंचायत में लंबित मानचित्र स्वीकृति के संबंध में चर्चा की गई। मंडलायुक्त/अध्यक्ष द्वारा निर्देश दिए गए कि प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही के लिए इसे जिलाधिकारी, बिजनौर को प्रेषित किया जाए, ताकि लंबित औपचारिकताओं का निस्तारण कराया जा सके। उद्योगों और उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर
मंडलायुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि औद्योगिक विकास के लिए विभागीय समन्वय, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण तथा स्वीकृत परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार द्वारा किया गया। बैठक में सचिव मुरादाबाद विकास प्राधिकरण पंकज वर्मा, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अपर आयुक्त-1 शशि भूषण, एसपी सिटी सुभाष गंगवार, अधीक्षण अभियंता लोनिवि एस.पी. सिंह, उप निदेशक विद्युत सुरक्षा वी.के. राय, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण विभाग, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी/उद्यमी उपस्थित रहे।

