World Championship of Legends: ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के कप्तान बने डेविड वॉर्नर, रिकी पोंटिंग की भी हुई एंट्री

World Championship of Legends: ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के कप्तान बने डेविड वॉर्नर, रिकी पोंटिंग की भी हुई एंट्री

WCL season 3: रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के मालिकों में शामिल हो गए हैं। वहीं डेविड वॉर्नर WCL के तीसरे सीजन में टीम की कप्तानी करेंगे। 

David Warner: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग अब वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) की टीम ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के मालिकों में शामिल हो गए हैं। वहीं, टीम ने विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को WCL के तीसरे सीजन के लिए अपना कप्तान बनाया है। टीम ने मंगलवार को मेलबर्न के यूरेका 89 में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की।

इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के कई बड़े नाम और WCL से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन ‘ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस: ए न्यू एरा’ थीम के तहत किया गया। इसका मकसद टीम के नए दौर की शुरुआत और आगामी सीजन की तैयारियों को सामने रखना था।

पोंटिंग अब टीम के मौजूदा मालिक पुनीत सिंह के साथ ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के स्वामित्व समूह का हिस्सा होंगे। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ियों और कप्तानों में शामिल पोंटिंग के टीम से जुड़ने को फ्रेंचाइजी के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

डेविड वॉर्नर मैदान पर उतरने को उत्साहित

टीम के नए कप्तान डेविड वॉर्नर भी WCL के तीसरे सीजन में अहम भूमिका निभाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद वॉर्नर एक बार फिर मैदान पर दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलते नजर आएंगे। टीम को उम्मीद है कि उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता से ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को फायदा मिलेगा।

पोंटिंग ने टीम से जुड़ने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पुनीत सिंह, टीम और कप्तान डेविड वॉर्नर के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रशंसकों के लिए कुछ खास बनाने का अच्छा मौका है। पुनीत सिंह ने कहा कि पोंटिंग के टीम से जुड़ने और वॉर्नर के कप्तान बनने से ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को अनुभव, नेतृत्व और आक्रामक खेल का मजबूत संयोजन मिलेगा। उन्होंने कहा कि टीम एक खास पहचान बनाने के लिए तैयार है।

वॉर्नर ने भी कप्तानी मिलने पर उत्साह जताते हुए कहा कि महान खिलाड़ियों के साथ दोबारा मैदान पर उतरना और प्रशंसकों का मनोरंजन करना उनके लिए खास अवसर है। WCL के संस्थापक और सीईओ हर्षित तोमर ने कहा कि पोंटिंग, पुनीत और वॉर्नर के साथ ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस का नया दौर लीग के लिए महत्वपूर्ण है। WCL का तीसरा सीजन अब तक का सबसे बड़ा सीजन बनने की उम्मीद है। इसमें कई दिग्गज खिलाड़ी, रोमांचक मुकाबले और क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास मनोरंजन देखने को मिलेगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *