‘पाकिस्तान बिना फाइनल जीते ही लगातार दो एशिया कप ट्रॉफी जीत लेगा’, अजय जडेजा ने लिए PCB चीफ के मजे

‘पाकिस्तान बिना फाइनल जीते ही लगातार दो एशिया कप ट्रॉफी जीत लेगा’, अजय जडेजा ने लिए PCB चीफ के मजे

Women’s Asia Cup 2026: विमेंस एशिया कप 2026 में सबसे पहले सेमीफाइनल के लिए क्‍वालीफाई करने वाली भारतीय महिला टीम को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। अब सेमीफाइनल में उसका सामना मंगलवार को बांग्‍लादेश और यूएई के बीच खेले जाने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। वहीं, पाकिस्‍तान टीम ने भी हांगकांग को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी अजय जडेजा ने एशियन क्रिकेट काउंसिल और पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी पर बड़ा ही तीखा तंज कसा है।

‘मोहसिन नकवी एक बार फिर ट्रॉफी चुरा लेंगे’

अजय जडेजा ने अपने एक्‍स अकाउंट से मोहिसन नकवी के ट्रॉफी लेकर भागने का एक फोटो पोस्‍ट करते हुए लिखा, ‘अगर इंडियन विमेंस टीम एशिया कप जीत जाती है, तो पाकिस्तान बिना फाइनल जीते ही लगातार दो एशिया कप ट्रॉफी जीत लेगा, क्योंकि मोहसिन नकवी एक बार फिर ट्रॉफी चुरा लेंगे।’ जडेजा की यह पोस्‍ट क्रिकेट फैंस को काफी पसंद आ रही है। लोग इस पर जमकर कमेंट और रिपोस्‍ट कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले मेंस एशिया कप ट्रॉफी भारत ने जीती थी, लेकिन पीसीबी चीफ ट्रॉफी लेकर रफूचक्‍कर हो गए थे।

नशरा संधू के शानदार प्रदर्शन की वजह पाकिस्‍तान को मिली एकतरफा जीत

बता दें कि विमेंस एशिया कप 2026 में भारत के हाथों एकतरफा हार झेलने वाली पाकिस्तान टीम ने सोमवार को 11वें मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ 72 रन से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान के लिए नशरा संधू ने 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही वह पाकिस्तान के लिए किसी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में विकेटों का छक्का लगाने वाली पहली महिला बन गईं। इस मुकाबले में पाकिस्‍तान ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में शवाल जुल्फिकार की 47 रनों की पारी की बदौलत 8 विकेट खोकर 143 रन बनाए। इसके जवाब में हांगकांग की टीम 19 ओवर में महज 71 रन पर ही सिमट गई।

सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगी पाकिस्‍तान

पाकिस्तान महिला टीम का सेमीफाइनल में मुकाबला अब ग्रुप-बी में शीर्ष पर रहते हुए क्‍वालीफाई करने वाली श्रीलंका टीम से होगा। ये टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल होगा, जो 11 सितंबर को खेला जाएगा। वहीं, भारतीय महिला टीम 10 सितंबर को पहले सेमीफाइनल में उतरेगी। भारत का ये मुकाबला मंगलवार को बांग्लादेश बनाम यूएई ग्रुप चरण मैच की विजेता टीम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *