झाबुआ के शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) में विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नरवेश अमलियार के निर्देश पर और जिला महामंत्री विनोद गणावा की अगुवाई में छात्रों ने कॉलेज का गेट बंद कर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राचार्य को एक ज्ञापन भी सौंपा। तीन बाद भी किताबें नहीं मिली जिला महामंत्री विनोद गणावा ने बताया कि आदिवासी बहुल इस जिले के कॉलेज में सत्र शुरू हुए तीन महीने हो चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक छात्रों को किताबें नहीं बांटी गई हैं। इससे उनकी पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके साथ ही, लंबे समय से बंद पड़ी कॉलेज कैंटीन को फिर से शुरू करने की मांग की गई। पुस्तकालय के पास स्थित स्टेशनरी हॉल में बिजली और पंखों की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में सत्र 2025-26 के विद्यार्थियों की रुकी हुई छात्रवृत्ति और आवास सहायता की जांच कर जल्द भुगतान करने की मांग की गई। बीएससी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल अभी तक न खुलने पर भी नाराजगी जताई गई। इसे जल्द से जल्द शुरू करने की मांग भी की गई। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर समय पर इन सभी समस्याओं का हल नहीं किया गया, तो संगठन छात्रहित में अलग-अलग चरणों में आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई के कई प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ये हुए शामिल इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री अनिल भाबोर, अल्केश पारंगी, कॉलेज उपाध्यक्ष आनंद गुंडिया, दिव्यांक मोरी, कांतिलाल भूरिया, लक्की परमार, अरविंद पचाह, सचिन बघेल, मालसिंह रावत, हर्षित, मनीष, विनोद भाबर, करण भाबर, दीपिका गणावा, रवीना भूरिया और शांति कटारा सहित कई छात्र नेता उपस्थित थे।

