Tanushree Dutta Warning to Enemies: तनुश्री दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है। उनका ये पोस्ट उन लोगों के लिए है, जिन्हें वह अपनी जिंदगी की परेशानियों की वजह मानती हैं। ‘आशिक बनाया आपने’ की स्टार ने कर्म और अपने निजी और करियर पर बात करते हुए कहा कि जिन्होंने उनके साथ गलत किया है, उन्हें आखिरकार इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
तनुश्री दत्ता का क्रिप्टिक पोस्ट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए तनुश्री दत्ता ने कहा कि वो अपनी जिंदगी फिर से शुरू करेंगी और उन लोगों को तीखा जवाब दिया, जिन पर उन्होंने अपने खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया। उन्हें भरोसा है कि कर्म का असर उनके विरोधियों पर जरूर होगा।
एक्ट्रेस ने अपनी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, “उन लोगों के लिए जिन्होंने मुझे परेशान किया, दर्द दिया और मुझे मेरी जिंदगी के सही रास्ते से भटका दिया। बावजूद इसके मेरी निजी और पेशेवर जिंदगी फिर से बेहतर होगी और मैं उन सभी का पतन और विनाश देखूंगी जिन्होंने बिना किसी गलती के मुझे परेशान किया।”
उन्होंने आगे और भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “कर्म का चक्र घूम रहा है, और अगला युग मेरा है! और ये नीच लोग जिन्होंने मेरे खिलाफ साजिश रचने, मुझे गुमराह करने, मेरा पीछा करने, मेरी निगरानी करने, योजना बनाने और मुझ पर हमला करने की हिम्मत की, उन्हें ऐसी भयानक शक्तियों द्वारा अनंत काल तक सताया जाएगा कि उन्हें अपने दुष्ट मन से मेरे विरुद्ध जाने के हर पल पर पछतावा होगा। उनका जीवन उनकी आंखों के सामने ही बिखर जाएगा।”
तनुश्री दत्ता ने पिछले महीने भी किया था पोस्ट
यह पहली बार नहीं है जब तनुश्री दत्ता ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सामने आई कठिनाइयों के बारे में खुलकर बात की है। पिछले महीने ही उन्होंने एक और नोट लिखकर आरोप लगाया था कि कुछ ‘विरोधी गुट’ जानबूझकर उन्हें काम नहीं मिलने दे रहे हैं। उन्होंने कहा था, “वे मुझे कोई काम नहीं मिलने देते।”
अपनी इस उस पुरानी पोस्ट में उन्होंने विस्तार से बताया, “ऐसे लोग भी हैं जो मेरे साथ काम करना चाहते हैं, लेकिन विरोधी खेमे के लोग मुझे कोई भी काम मिलने नहीं देते। वो झूठ बोलते हैं, हेर-फेर करते हैं और शुरुआती लेवल पर ही चीजों को गलत दिशा में मोड़ देते हैं। या फिर वो असली ब्रांड्स, इवेंट्स और प्रोजेक्ट्स को गुमराह करते हैं ताकि मुझे और नुकसान पहुंचाया जा सके।”
MeToo मूवमेंट का सबसे चर्चित चेहरा तनुश्री दत्ता
तनुश्री दत्ता 2025 में बॉलीवुड के 2018 के #MeToo मूवमेंट के सबसे चर्चित चेहरों में से एक के तौर पर फिर से चर्चा में आईं। उन्होंने 2008 की फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के सेट पर दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर पर यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।

