बाढ़ प्रभावित गांवों में 30 दिन तक लगेंगे स्वास्थ्य मेले:MLC ने गलत बिजली बिल और बाहर की दवाएं लिखने की शिकायत पर जताई नाराजगी

बाढ़ प्रभावित गांवों में 30 दिन तक लगेंगे स्वास्थ्य मेले:MLC ने गलत बिजली बिल और बाहर की दवाएं लिखने की शिकायत पर जताई नाराजगी

बलिया में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक सोमवार शाम विकास भवन सभागार में हुई। अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू भैया ने की। बैठक में जिले में संचालित विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। बाढ़ के बाद बीमारियों की रोकथाम पर जोर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 76 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक रविवार मेले का आयोजन हो रहा है। अब तक 268 रविवार को मेले आयोजित किए जा चुके हैं। अध्यक्ष ने सीएमओ को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में पानी घटने के बाद संभावित बीमारियों को देखते हुए 15 से 30 दिनों तक विशेष स्वास्थ्य मेले लगाए जाएं। बाढ़ शरणालयों में स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात करने और मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को भी कहा। सीएचसी खेजुरी में साफ-सफाई की कमी और डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायत पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को अस्पताल की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई कराने के साथ बाहर की दवाएं लिखने की शिकायतों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। 4,976 आवास पूरे, बाढ़ प्रभावित परिवारों का सर्वे होगा मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में 5,025 आवासों के लक्ष्य के मुकाबले 4,976 आवास पूरे हो चुके हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 1,145 आवासों का लक्ष्य मिला है। अध्यक्ष ने बैरिया तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों का सर्वे कराकर पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं का टीकाकरण कराने के साथ चारा, भूसा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित करने को कहा गया।
नहरों की सफाई और कटान रोकने के निर्देश सिंचाई विभाग को जिले की सभी नहरों की साफ-सफाई कराने और उनकी सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बाढ़ खंड अधिकारी को सिकंदरपुर तहसील के कटान प्रभावित गांवों और बैरिया तहसील की चार ग्राम पंचायतों में हो रही कटान को रोकने के लिए प्रभावी परियोजना तैयार करने को कहा गया। बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गलत और मनमाने बिजली बिल भेजने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। अधिकारियों को सही मीटर रीडिंग के आधार पर ही बिल जारी करने के निर्देश दिए गए। 45.36 लाख से अधिक पौधे लगाए वन विभाग की ओर से जिले में 45,36,205 पौधे लगाए जाने की जानकारी दी गई। अध्यक्ष ने लगाए गए पौधों के सर्वाइवल रेट का रिकॉर्ड तैयार कर अगली बैठक में जनप्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नई सड़कों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा हो चुकी सड़कों को संबंधित विभाग को जल्द हैंडओवर किया जाए। 15वें वित्त आयोग के तहत 25 करोड़ रुपए के सापेक्ष स्वीकृत टेंडरों की भी जानकारी ली गई। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि अंत्येष्टि स्थल निर्माण के 20 लक्ष्य में 15 पूरे हो चुके हैं, जबकि पांच शेष हैं। बहुउद्देशीय पंचायत भवन के पांच लक्ष्यों में चार पूरे हो चुके हैं। पंचायत उत्सव भवन का एक लक्ष्य भी पूरा हो गया है। 201 डिजिटल लाइब्रेरी के लक्ष्य के सापेक्ष सभी लाइब्रेरी स्थापित की जा चुकी हैं। राज्य वित्त आयोग से मिले 46.3 करोड़ रुपए में से 42.41 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। दिव्यांगजन विभाग की दुकान निर्माण/दुकान संचालन योजना में 17 और शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना में 18 के लक्ष्य की जानकारी दी गई। अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में विधायक फेफना संग्राम सिंह, बैरिया विधायक जय प्रकाश अंचल, सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *