गोंडा में महिला से दिनदहाड़े लूट; दो आरोपी पकड़े गए:सोने की चेन, मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद; चेकिंग के दौरान पकड़े गए

गोंडा में महिला से दिनदहाड़े लूट; दो आरोपी पकड़े गए:सोने की चेन, मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद; चेकिंग के दौरान पकड़े गए

गोंडा जिले की परसपुर पुलिस ने 2 सितंबर को लखनऊ की ममता सिंह के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा कर दिया है। आज सोमवार शाम करीब 4:30 बजे पुलिस ने दो आरोपियों आदेश सिंह उर्फ राज सिंह और करण सिंह उर्फ अंतिम सिंह को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन, लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा मिला है। पुलिस ने इन आरोपियों को भौरीगंज रोड बाईपास पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान रोका था। रोकने पर दोनों आरोपी चरहुआ बाईपास की तरफ मोटरसाइकिल से भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। दरअसल, 2 सितंबर को लखनऊ की रहने वाली ममता सिंह अपने मायके परसपुर थाना क्षेत्र के मधईपुर कुर्मी आई हुई थीं। वह अपनी 8 साल की बेटी और मां के साथ लखनऊ जाने के लिए निकली थीं। पैर में तकलीफ होने के कारण उन्होंने परसपुर की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल से मदद मांगी। मोटरसाइकिल सवार उन्हें और उनकी मां-बेटी को परसपुर ले जाने लगा। इसी दौरान मोलहू पुरवा के पास पीछे से काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए थे। परसपुर थाने की पुलिस ने 2 सितंबर को ही तुरंत मामला दर्ज कर लिया था। इस घटना के खुलासे के लिए गोंडा एसपी अभिषेक झा ने तीन पुलिस टीमें लगाई थीं, जिनमें परसपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल थीं। इन टीमों ने मिलकर कार्रवाई कर घटना का खुलासा किया। करनैलगंज सीओ आनंद राय ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे, तकनीकी और मैनुअल सबूतों के आधार पर इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *