Pakistan Captain fined: पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को शनिवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा को सेंड ऑफ देना भारी पड़ग गया है। इसके लिए आईसीसी ने मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा है।
Pakistan Captain Fatima Sana fined: पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने भारत के खिलाफ मैच के दौरान शनिवार शेफाली वर्मा को सेंड ऑफ दिया था। आईसीसी ने इसे कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 का उल्लंघन मानते हुए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना ठोका है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा है। अंपायर की शिकायत के बाद मैच रेफरी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
शेफाली को आउट करने के बाद किया था इशारा
दरअसल, फातिमा सना को आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 के आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। ये अपराध ऐसी भाषा, हरकतें या इशारे करने से जुड़ा है, जो किसी बल्लेबाज को आउट होने पर बेइज्जत करे या वह आक्रामक रिएक्शन दे। सना से यह गलती तब हुई, जब उन्होंने भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को आउट किया। फातिमा ने कैच पूरा करने के बाद शेफाली की ओर पवेलियन की तरफ जाने का इशारा किया था।
24 महीने में दूसरी गलती
बता दें कि फातिमा सना की यह 24 महीने के अंदर दूसरी गलती है। इसके साथ ही अब उनके खाते में डिमेरिट पॉइंट की संख्या दो हो गई है। इससे पहले उन्हें 6 अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के दौरान एक डिमेरिट पॉइंट मिला था।
पाकिस्तानी कप्तान स्वीकारी गलती
पाकिस्तान की कप्तान ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। इसके साथ ही मैच रेफरी सुप्रिया दास की सजा को भी मान लिया। इसका मतलब है कि अब इस मामले में किसी फॉर्मल सुनवाई की जरूरत नहीं है। लेवल-1 के उल्लंघन में कम से कम ऑफिशियल फटकार और खिलाड़ी पर मैच फीस का ज्यादा से ज्यादा 50 प्रतिशत का जुर्माना लगाया जाता है। साथ ही एक या दो डिमेरिट पॉइंट भी उनके खाते में जोड़े जाते हैं।
आज हांगकांग से मुकाबला
बता दें कि पाकिस्तान की टीम आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हांगकांग से मुकाबला खेलने के लिए उतरेगी। इस मैच को जीतते ही वह सेमीफाइनल में जगह बना लेगी। वहीं, अगर वह हारती है, तो फिर नेट रन रेट का पेच फंस सकता है।
Sports – Patrika | CMS


JUST IN 
