Duleep Trophy ने बदल दी इन क्रिकेटर्स की किस्मत, किसी ने भारत को जिताए 2 वर्ल्डकप, तो कोई बल्लेबाजों के लिए बना ‘खौफ’

Duleep Trophy ने बदल दी इन क्रिकेटर्स की किस्मत, किसी ने भारत को जिताए 2 वर्ल्डकप, तो कोई बल्लेबाजों के लिए बना ‘खौफ’

Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताबी मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें आमने-सामने हैं। इस टूर्नामेंट का इतिहास 80 साल से भी ज्यादा पुराना है। इस दौरान कई खिलाड़ियों की जिंदगी इस टूर्नामेंट ने बदल दी है। हाल ही में भारत की टेस्ट क्रिकेट टीम में जगह बनाने वाले सारांश जैन को भी इसी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद बड़ी उपलब्धि मिली। यही नहीं, युवराज सिंह, अंशुल कंबोज और पृथ्वी शॉ भी दलीप ट्रॉफी में चमकने के बाद टीम इंडिया में जगह बनाने में सफल रहे।

इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

इस बार ईस्ट जोन के कुमार कुशाग्र ने शानदार बल्लेबाजी की है, तो आबिद मुश्ताक ने गेंदबाजी की धार दिखाई है। अब देखना यह होगा कि इन खिलाड़ियों की किस्मत कब चमकती है।

युवराज सिंह ने 2003-04 के संस्करण में नॉर्थ जोन के लिए फाइनल में ईस्ट जोन के खिलाफ दोनों पारियों में शतक ठोके थे। पहली पारी में उन्होंने 106 रन और दूसरी पारी में 148 रन बनाए। इसी दौरान उनका टेस्ट डेब्यू हुआ। युवराज सिंह ने 139 फर्स्ट-क्लास मैच खेले, जिनमें 221 पारियों में 8,965 रन बनाए। उनका औसत 44.16 रहा, जिसमें 26 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, इंटरनेशनल पिच पर रेड बॉल के खिलाफ उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। लेकिन व्हाइट बॉल क्रिकेट में वह भारत को दो बार वर्ल्ड चैंपियन बना गए। 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप में युवराज सिंह ने जो किया, वो इतिहास में दर्ज हो गया।

पृथ्वी की भी चमकी थी किस्मत

पृथ्वी शॉ ने 2017-18 के दलीप ट्रॉफी डेब्यू पर शतक बनाया। उन्होंने सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था। फर्स्ट-क्लास करियर में 65 मैचों में उनके नाम 5,093 रन दर्ज हैं, जिसमें 14 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका हाई स्कोर 379 रन रहा है। हालांकि, पृथ्वी अभी टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं।

अंशुल कंबोज 2024 के टूर्नामेंट के लीडिंग विकेट-टेकर रहे, जहां उन्होंने 16 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के कारण 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू का मौका मिला। अंशुल कंबोज हरियाणा के तेज गेंदबाज हैं। फर्स्ट-क्लास में 33-34 मैचों में उन्होंने 105 विकेट लिए, जिसमें एक बार 10 विकेट हॉल शामिल है।

सारांश जैन ने हाल ही हासिल किया डेब्यू कैप

सारांश जैन 2025-26 में सेंट्रल जोन के लिए खेलते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। उन्होंने 16 विकेट चटकाए और बल्ले से भी दो अर्धशतकीय पारियां खेलीं। मध्य प्रदेश के इस ऑलराउंडर को दलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद 2026 में श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट स्क्वाड में जगह मिली और उन्होंने डेब्यू भी किया। सारांश जैन ने 54 मैच खेलकर 31.75 की औसत से 2223 रन बनाए और 188 विकेट भी लिए हैं। इनमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। 2025-26 रणजी सीजन में उन्होंने 518 रन और 30 विकेट लिए। दलीप ट्रॉफी में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *