तमिलनाडु में मंत्री के नाम पर रजिस्टर्ड अर्टिगा की टक्कर से युवक की मौत, ड्राइवर गिरफ्तार

तमिलनाडु में मंत्री के नाम पर रजिस्टर्ड अर्टिगा की टक्कर से युवक की मौत, ड्राइवर गिरफ्तार

Tamil Nadu Car Accident: तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले में रविवार देर रात सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। कट्टनकुलथुर के पास करीब रात 12.30 बजे त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे पर हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, युवक की दोपहिया गाड़ी को तमिलनाडु की सामाजिक कल्याण मंत्री जगदीश्वरी के नाम पर पंजीकृत मारुति अर्टिगा ने टक्कर मार दी। मामले में तमिलनाडु पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और तेज व लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।

मंदिर उत्सव से लौट रहा था युवक

मृतक की पहचान कट्टनकुलथुर निवासी इरैयनबु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह मंदिर उत्सव में शामिल होने के बाद सोमवार देर रात अपनी होंडा डियो से घर लौट रहा था। 

कट्टनकुलथुर जंक्शन के पास हाईवे पार करते समय पीछे से आ रही मारुति अर्टिगा ने उसकी दोपहिया गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर जा गिरा और मौके पर ही मौत हो गई। 

मंत्री के काफिले के पीछे चल रही थी कार

पुलिस के मुताबिक, अर्टिगा मंत्री जगदीश्वरी के नाम पर पंजीकृत है। मंत्री सोमवार को विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए अपने आधिकारिक वाहन से विरुधुनगर से चेन्नई जा रही थीं। उनकी आधिकारिक गाड़ी से पीछे एक निजी कार चल रही थी, जिसमें मंत्री के रिश्तेदार सवार थे।

मंत्री के काफिले में शामिल एस्कॉर्ट वाहन के कर्मचारियों ने हादसे की सूचना ट्रैफिक पुलिस को दी और युवक के शव को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

ड्राइवर गिरफ्तार, CCTV फुटेज की जांच

गुडुवांचेरी ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चेंगलपट्टू जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस ने हादसे में शामिल गाड़ी को जब्त कर लिया है।

इसके अलावा कार चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। चालक के खिलाफ पुलिस ने सार्वजनिक सड़क पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने तथा लापरवाही के कारण मौत होने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है। साथ ही हादसा किस तरह हुआ, इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है। साथ ही अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *