गुरुग्राम में 12ए की ऑटोमोबाइल मार्केट स्थित ‘सिद्धदाता टायर्स’ दुकान से अलॉय व्हील डलवाने के बाद ट्रायल के बहाने काले रंग की वरना कार लेकर एक युवक फरार हो गया। जिसके बाद शोरूम मालिक ने साथ ही सेक्टर-14 थाने में शिकायत दी और सीसीटीवी निकलवा कर इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिसमें मालिक द्वारा युवक की पहचान बताने वाले को पांच हजार रुपए के इनाम की घोषणा किए जाने के बाद आरोपी के परिजनों गुरुग्राम पहुंचे। परिजनों ने पीड़ित दुकानदार से गलती मांगी और करीब एक लाख 20 हजार रुपए की पूरी पेमेंट चुकाने की बात कही है। दुकान के मालिक दीपक चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच अब समझौता हो गया है, जिसके तहत आरोपी पक्ष पूरी पेमेंट करने के लिए तैयार है। पसंद के अलॉय व्हील डलवाए
दरअसल 30 अगस्त को एक युवक अपनी काले रंग की हुंडई वरना कार में नए और महंगे अलॉय व्हील डलवाने के लिए ‘सिद्धदाता टायर्स’ पर आया था। दुकान के कर्मचारियों ने उसकी पसंद के अनुसार गाड़ी में अलॉय व्हील फिट कर दिए। इसके बाद युवक ने व्हील्स की परफॉर्मेंस चेक करने के लिए गाड़ी को ट्रायल पर ले जाने की बात कही। दुकान के मालिक दीपक चौधरी ने सुरक्षा के लिहाज से अपने एक कारिंदे को युवक के साथ गाड़ी में भेज दिया। ट्रायल के बहाने कारिंदे को सड़क पर उतारा कारिंदा गाड़ी में बैठ तो गया, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद आरोपी ड्राइवर ने अपना असली रंग दिखा दिया। उसने रास्ते में कारिंदे को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी और डरा-धमकाकर बीच सड़क पर ही जबरन गाड़ी से नीचे उतार दिया। इससे पहले कि कर्मचारी कुछ समझ पाता या शोर मचाता, आरोपी काले रंग की वरना कार को तेज रफ्तार में भगाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। मालिक ने की इनाम की घोषणा, वीडियो हुआ वायरल
इस धोखाधड़ी के तुरंत बाद पीड़ित कर्मचारी ने दुकान पहुंचकर मालिक को पूरी बात बताई। मालिक ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही, उन्होंने अपने स्तर पर भी गाड़ी और ठग की तलाश शुरू की। उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना की पूरी जानकारी साझा करते हुए एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में घोषणा की कि जो भी व्यक्ति उनकी गाड़ी का सुराग देगा या उसे ढूंढने में मदद करेगा, उसे ₹5,000 का नकद इनाम दिया जाएगा। यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया और हजारों लोगों तक पहुंच गया। पेमेंट मिलने पर कोई कार्रवाई नहीं करेंगे शोरूम मालिक दीपक चौधरी ने बताया कि वे गाड़ी में लगे अलॉय व्हील्स और बाकी काम की पूरी रकम चुकाने के लिए तैयार हैं। अब दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर आरोपी के परिजन उन्हें पूरी बकाया पेमेंट कर देते हैं, तो वे इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे और अपनी शिकायत वापस ले लेंगे। युवक दिल्ली के वसंत विहार का रहने वाला बताया गया है।

