रेलवे स्टेशन री-डेवलपमेंट का जुलाई से बंद काम फिर शुरू होगा। सिंहस्थ के लिए 125 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। एआई कैमरों से स्टेशन-ट्रेनों की निगरानी होगी। शास्त्री ब्रिज का सर्वे जल्द शुरू होगा। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने यह बात कही। उन्होंने इंदौर, उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विभिन्न रेल प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की। उन्होंने कहा शास्त्री ओवरब्रिज के पुनर्निर्माण का काम उज्जैन सिंहस्थ के बाद नहीं, बल्कि बहुत जल्द शुरू होगा। ब्रिज के लिए सभी बिंदुओं पर सर्वे कराया जाएगा। यदि ओवरब्रिज के लिए पिलर तैयार करना है तो उसकी शुरुआत अभी से होगी, भले ही मुख्य काम सिंहस्थ खत्म होने के बाद हो। प्रयागराज महाकुंभ से मिले अनुभवों का उपयोग करते हुए रेलवे देशभर से करीब सवा सौ (125) ट्रेनों का संचालन करेगा। ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के साथ विशेष ध्यान रखा जाएगा कि यात्रियों पर अतिरिक्त किराए का बोझ न पड़े। 1.5 साल बाकी सिंहस्थ में स्पेशल ट्रेनें होंगी नियमित इंदौर से चलने वाली अलग-अलग स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे यात्रियों को 30 फीसदी अतिरिक्त किराए से राहत मिल सके। इंदौर-मनमाड़ प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। इंदौर-खंडवा सेक्शन पर पातालपानी से ओंकारेश्वर के बीच काम जारी है। वन विभाग से जमीन मिलने के बाद पेड़ों की कटाई शुरू होगी और ट्रैक क्लीयर होते ही काम में तेजी आएगी। सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एआई कैमरों से निगरानी की जाएगी। खराब एसी, चूहे, कॉकरोच पर नियंत्रण के लिए रेलवे पेस्ट कंट्रोल बढ़ाएगा और स्वच्छता पर काम करेगा। सांसद शंकर लालवानी ने चेयरमैन सतीश कुमार को बताया जुलाई में जब रेलवे जीएम रामाश्रय पांडेय इंदौर आए थे, तब उन्होंने री-डेवलपमेंट का काम बंद करवाकर सिंहस्थ बाद शुरू करने को कहा था। इस पर चेयरमैन ने बताया कि काम दोबारा शुरू होने जा रहा है। शास्त्री ब्रिज की चौड़ाई सिक्स लेन जैसी रखने और निर्माण के दौरान वैकल्पिक ब्रिज के सुझाव पर चेयरमैन ने अधिकारियों के साथ चर्चा कर निर्णय लेने की बात कही।

