मेरठ एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने रविवार रात कई सर्किल के इंचार्ज बदल दिए। फर्जी चौकी चलाने के आरोपी का जन्मदिन मनाते हुए सुर्खियों में आई सौम्या अस्थाना को ब्रह्मपुरी सर्किल से हटाकर किठौर भेजा गया था। उन्हें अब नई जिम्मेदारी सीओ क्राइम के रूप में दी गई है। इसके अलावा वह साइबर अपराध और लिंक अधिकारी के रूप में CO ट्रैफिक का चार्ज भी देखेंगी। रविवार रात किए गए बदलाव के अनुसार कई सर्किल ऑफीसरों को इधर से उधर किया गया है। नई एएसपी दीक्षा भोरिया को सिविल लाइन सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा वह CO लाइन का चार्ज भी देखेंगी। लिंक अधिकारी के रूप में वह सीओ कैंट का चार्ज संभालेंगी। डिप्टी एसपी विश्व ज्योति राय को नई जिम्मेदारी सीओ किठौर की दी गई है। अभी तक वह सिविल लाइन सर्किल के साथ CO क्राइम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। लिंक अधिकारी के रूप में उन पर मवाना सर्किल की जवाबदेही रहेगी। CO कोतवाली और CO लाइन की जिम्मेदारी संभाल रहे डिप्टी एसपी संग्राम सिंह अब केवल कोतवाली सर्किल संभालेंगे। उनसे CO लाइन का चार्ज वापस लिया गया है। लिंक अधिकारी के तौर पर वह CO ब्रह्मपुरी का दायित्व संभालेंगे। डिप्टी एसपी शिव ठाकुर पर पहले CO दौराला सर्किल के अलावा CO साइबर अपराध का चार्ज भी था। अब उनसे CO साइबर अपराध का चार्ज लेते हुए स्वतंत्र रूप से दौराला सर्किल की जिम्मेदारी मिली है। CO सरधना की गैर मौजूदगी में वह सरधना का सर्किल भी लिंक अफसर के रूप में संभालेंगे।

