उज्जैन में 11 प्रकरणों में 10 आरोपी गिरफ्तार:दूसरे दिन भी चला आबकारी विभाग का चेकिंग अभियान, 8 बल्क लीटर शराब जब्त

उज्जैन में 11 प्रकरणों में 10 आरोपी गिरफ्तार:दूसरे दिन भी चला आबकारी विभाग का चेकिंग अभियान, 8 बल्क लीटर शराब जब्त

उज्जैन में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का चेकिंग अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को टीमों ने शहर और ग्रामीण इलाकों में होटल-ढाबों की जांच की। साथ ही उज्जैन आने वाले संदिग्ध वाहनों की अचानक चेकिंग भी की। इस दौरान जिलेभर में 11 मामले दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विभाग ने 8 बल्क लीटर शराब और 40 किलोग्राम कच्ची शराब (लहान) जब्त की। यह अभियान आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी मुकेश रंधा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। विभाग ने अपने मुखबिरों को भी सक्रिय कर अवैध शराब बेचने वालों पर नजर बढ़ा दी है। बड़नगर इलाके में भोला भील और जितेंद्र कुम्हार के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किए गए। तराना में अवैध शराब ले जाते हुए नेपालसिंह राजपूत और सेवाराम मालवीय को पकड़ा गया। खाचरोद के पालना गांव में छापेमारी कर कन्हैयालाल बागरी को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। नागदा के टकरावदा गांव में आबकारी टीम को देखकर एक आरोपी अपना सामान छोड़कर भाग गया। उसके खिलाफ अज्ञात व्यक्ति का मामला दर्ज किया गया है। नागदा-उज्जैन-जावरा बाईपास पर चामुंडा ढाबे पर भी अवैध रूप से शराब पिलाने और बेचने के मामले में कार्रवाई हुई। आबकारी विभाग का कहना है कि लगातार हो रही इस कार्रवाई से अवैध शराब बेचने वालों में खलबली मची हुई है। कंट्रोल रूम प्रभारी मुकेश रंधा ने बताया कि जिले में यह जांच आगे भी जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *