Ahmedabad Crime: मसाज की आड़ में स्पा सेंटर में बिक रही थी एमडी ड्रग्स, 6.38 लाख की खेप के साथ संचालक गिरफ्तार

Ahmedabad Crime: मसाज की आड़ में स्पा सेंटर में बिक रही थी एमडी ड्रग्स, 6.38 लाख की खेप के साथ संचालक गिरफ्तार

अहमदाबाद। शहर में स्पा सेंटर की आड़ में एमडी ड्रग्स की बिक्री का मामला सामने आया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने ओढव इलाके में एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर संचालक को 212 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। बरामद ड्रग्स की कीमत 6 लाख 38 हजार 700 रुपए बताई गई है। क्राइम ब्रांच के एसीपी भरत पटेल ने रविवार को बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि ओढव सर्कल के पास निर्मित स्क्वायर की पहली मंजिल पर स्थित एसएचआर नेचुरल स्पा में नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।

स्पा सेंटर पर छापा मारा

सूचना के आधार पर टीम ने स्पा सेंटर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 212 ग्राम अवैध मेफेड्रोन (एमडी ड्रग्स) बरामद हुई। पुलिस ने मौके से स्पा संचालक पीराराम चौधरी (23) को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से राजस्थान के जालोर जिले की सायला तहसील के भांडपुर गांव का रहने वाला है। वह अहमदाबाद में इसी स्पा सेंटर में रहता था। जांच में सामने आया कि पीराराम चौधरी को एमडी ड्रग्स राजस्थान के बालोतरा जिले की पचपदरा तहसील के जासोल गांव निवासी रमेश माली से मिलती थी। दोनों अहमदाबाद में स्पा सेंटर चलाने का काम करते हैं। वे राजस्थान के बालोतरा से ड्रग्स मंगवाकर स्पा में आने वाले ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचते थे।

ग्राहकों को देता था एमडी ड्रग्स

पुलिस के अनुसार शुरुआत में रमेश माली खुद पीराराम के स्पा सेंटर पर आता था और ग्राहकों को एमडी ड्रग्स देता था। इसके बदले वह पीराराम को प्रति ग्राम 200 रुपए कमीशन देता था। बाद में कमीशन अधिक मिलने के कारण पीराराम ने रमेश से सीधे ड्रग्स खरीदकर ग्राहकों को बेचने का काम शुरू कर दिया। क्राइम ब्रांच ने वांटेड आरोपी रमेश माली की तलाश शुरू कर दी है।

पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस इस मामले में ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार पीराराम चौधरी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ ओढव पुलिस थाने में तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच अब ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के साथ पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *