PM मोदी की तस्वीर हटाने के विवाद पर राज ठाकरे का बड़ा बयान, कहा- मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए था

PM मोदी की तस्वीर हटाने के विवाद पर राज ठाकरे का बड़ा बयान, कहा- मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए था

Amit Thackeray PM Modi Photo Row: पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर दीवार से हटाने को लेकर जारी सियासी विवाद के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे की प्रतिक्रिया सामने आई है। मनसे कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने स्पष्ट किया कि छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और महात्मा ज्योतिराव फुले जैसे महान महापुरुषों की कतार में किसी अन्य व्यक्ति का स्थान नहीं हो सकता।

राज ठाकरे का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में पीएम मोदी की तस्वीर हटाए जाने को लेकर अमित ठाकरे समेत 20 से 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तस्वीर हटाने वाले मनसे के तीन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था।

अमित ठाकरे मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे हैं और पार्टी की छात्र इकाई के प्रमुख भी हैं।

राज ठाकरे ने कहा कि सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और अन्य प्रशासनिक संस्थानों में देश के प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाना बिल्कुल उचित और संवैधानिक प्रोटोकॉल का हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तस्वीर किस जगह और किस क्रम में लगाई जा रही है, इसका ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

राज ठाकरे ने कहा, “सरकारी संस्थानों में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगाई जानी चाहिए, वह देश के प्रधानमंत्री हैं और इसमें कोई दो राय नहीं है। भले ही वैचारिक मतभेद सौ हों, लेकिन उनकी फोटो दूसरी दीवार पर होनी चाहिए, महापुरुषों की उसी कतार में नहीं। सभी सरकारी संस्थानों, शैक्षणिक प्रतिष्ठानों और अदालतों को यह समझना चाहिए कि किसकी तस्वीर कहां लगानी है। अगर कहीं गलती हुई है तो उसे अभी सुधार लेना चाहिए।”

क्या है पूरा विवाद?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (MNVS) के अध्यक्ष अमित ठाकरे छात्रों की समस्याओं को सुनने और सदस्यता अभियान के सिलसिले में सोमवार को पुणे के शिवाजीनगर स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचे थे। जब वे प्रिंसिपल के ऑफिस में पहुंचे, तो वहां मौजूद एक छात्र ने उनका ध्यान दीवार पर लगी तस्वीरों की ओर दिलाया।

प्रिंसिपल के कार्यालय की दीवार पर छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी हुई थी। अमित ठाकरे ने इस बात पर आपत्ति जताई कि छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के बिल्कुल बगल में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर क्यों लगाई गई है। इसके बाद उनके कहने पर मनसे कार्यकर्ताओं ने तस्वीर हटा दी।

कॉलेज के एक अधिकारी की शिकायत पर चतुर्श्रृंगी पुलिस ने अमित ठाकरे और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर को वापस उसी स्थान पर लगा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *