INDW vs PAKW: शेफाली वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ रचा इतिहास, T20I में 3000 रन बनाने वाली बनीं सबसे युवा क्रिकेटर

INDW vs PAKW: शेफाली वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ रचा इतिहास, T20I में 3000 रन बनाने वाली बनीं सबसे युवा क्रिकेटर

Women’s Asia Cup 2026, Shafali Verma Record: पाकिस्तान के खिलाफ वूमेंस एशिया कप 2026 के अपने तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की। इस दौरान शेफाली वर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3 हजार रनों का आंकड़ा छूने वाली सबसे युवा महिला क्रिकेटर बन गई हैं। शेफाली ने यह कारनामा 22 साल 220 दिन की उम्र में किया। उन्होंने आयरलैंड की गैबी लुईस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 24 साल 347 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।

तीसरे स्थान पर खिसकीं स्मृति मंधाना

इस लिस्ट में यूएई की ईशा ओझा तीसरे पायदान पर हैं, उन्होंने 27 साल 139 दिन की उम्र में इस आंकड़े को छूआ था। जबकि भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना 27 साल 171 दिन की उम्र में यह कारनामा कर चौथे स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज की दिग्गज क्रिकेटर हेली मैथ्यूज ने 27 साल 347 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी और वह 5वें स्थान पर मौजूद हैं।

शनिवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए वूमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में शेफाली ने पाकिस्तान के खिलाफ 6 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 12 रन की पारी खेली। इसी के साथ शेफाली ने इस आंकड़े को पार कर लिया। शेफाली महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में 3,000 रन बनाने वाली 16वीं खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में वह स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बाद भारत की तीसरी खिलाड़ी हैं।

शनिवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवरों में सिर्फ 55 रन पर ढेर हो गई। मुनीबा अली ने शवाल जुल्फिकार के साथ पहले विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी की, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। भारत की तरफ से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए। शेफाली वर्मा को 1 विकेट हाथ लगा।

52 गेंद में भारत ने जीता मैच

इसके जवाब में भारत ने 8.4 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते जीत हासिल की। आसान टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा (12) के रूप में 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद 18 के स्कोर पर प्रतिका रावल (4) भी पवेलियन लौट गईं। स्मृति मंधाना (9) कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 11 रन ही जुटा सकीं।

भारत ने 29 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद हरमनप्रीत कौर (नाबाद 18) ने दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में इतने ही रनों की साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। पाकिस्तान के लिए तीनों विकेट कप्तान फातिमा सना ने निकाले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *