Pali Crime: कमरे में सोती रहीं सास-बहू, पीछे का दरवाजा तोड़ चोर लाखों के गहने और नकदी ले उड़े

Pali Crime: कमरे में सोती रहीं सास-बहू, पीछे का दरवाजा तोड़ चोर लाखों के गहने और नकदी ले उड़े

रोहट (पाली): पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र के चोटिला गांव में चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली। चोर मकानों के पीछे खेत की तरफ से पहुंचे और खिड़कियां तोड़कर घरों में दाखिल हुए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे। चोरी करने के बाद चोरों ने कमरों के दरवाजे अंदर से बंद कर दिए और मौके से फरार हो गए। दोनों वारदातों में चोरी हुए गहनों की बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।

खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर

पहली वारदात चोटिला निवासी गणपत सिंह पुत्र अर्जुन सिंह के घर में हुई। मकान के पीछे खेत होने का फायदा उठाकर चोर खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद चोरों ने घर से करीब 13 तोला सोने के गहने, आधा किलो चांदी के गहने और 5 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार के लोग घर के चौक में सो रहे थे। चोरों ने चोरी के बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया।

85 हजार रुपए नकद चोरी

इसके बाद चोरों ने चोटिला निवासी भरत सिंह पुत्र नरपत सिंह राजपुरोहित के मकान को निशाना बनाया। यहां भी चोर पीछे की खिड़की तोड़कर घर में घुसे। चोरों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर करीब 25 तोला सोने के गहने, 400 ग्राम चांदी के गहने और 1 लाख 85 हजार रुपए नकद पार कर दिए। घटना के समय भरत सिंह किसी काम से गांव से बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी सास और बहू घर के बरामदे में सो रही थीं।

पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

सुबह चोरी की वारदात का पता चलने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रोहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। SHO पाना चौधरी मय जाप्ता ने दोनों मकानों का निरीक्षण कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी ली। पुलिस ने चोरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्ध लोगों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी की वारदात का खुलासा करने के प्रयास में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *