अफ्रीकी देश केप वर्डे में भीषण सड़क हादसा: 30 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 25 लोगों की मौत

अफ्रीकी देश केप वर्डे में भीषण सड़क हादसा: 30 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 25 लोगों की मौत

Cape Verde Bus Accident: अफ्रीकी देश केप वर्डे में शनिवार को एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। फोगो द्वीप के पहाड़ी इलाके में एक यात्री बस सड़क से उतरकर करीब 30 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर बच्चे और किशोर बताए जा रहे हैं। कई लोग घायल भी हुए हैं।

पहाड़ी रास्ते पर हुआ हादसा

यह हादसा फोगो द्वीप के कैंपनास डी सिमा इलाके में हुआ। बस चा दास काल्डेइरास और कैंपनास डी सिमा के बीच पहाड़ी रास्ते पर जा रही थी। इसी दौरान बस सड़क से उतर गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव दल पहुंचे। पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने की वजह से बचाव अभियान में मुश्किलें आईं। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।

ज्यादातर बच्चे और किशोर थे सवार

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बस में बच्चों और युवाओं समेत कई यात्री सवार थे। मृतकों में बड़ी संख्या किशोरों की बताई जा रही है। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने की भी जानकारी सामने आई है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। हादसे में मारे गए लोगों में बस चालक भी शामिल बताया गया है। दुर्घटना के बाद फोगो द्वीप में शोक का माहौल है।

7 शवों को तुरंत दफनाया गया

स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, हादसे में मारे गए सात लोगों के शवों की हालत बेहद खराब थी। इसी वजह से उन्हें रात में ही दफना दिया गया। बाकी शवों की पहचान और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जा रही है। केप वर्डे के राष्ट्रपति जोसे मारिया परेरा नेवेस ने हादसे को बड़ी त्रासदी बताया है। राष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारी रविवार को फोगो द्वीप पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने वाले हैं।

हादसे की वजह का पता नहीं चला

अभी तक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। स्थानीय अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *