CG Weather Update: IMD का पूर्वानुमान, दुर्ग-भिलाई में दो दिन बारिश के आसार, जानें रायपुर में कैसा रहेगा मौसम

CG Weather Update: IMD का पूर्वानुमान, दुर्ग-भिलाई में दो दिन बारिश के आसार, जानें रायपुर में कैसा रहेगा मौसम

Weather Update: भिलाई समेत दुर्ग जिले में बारिश की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, लेकिन मौसम में नमी बनी हुई है। शनिवार को दुर्ग में 1.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में जिले समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक रविवार को दुर्ग-भिलाई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

दो दिन सक्रिय रहेगा मौसम

उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो गया है। हालांकि इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण अभी सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक पूर्वी-मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका और गुजरात से उत्तर बांग्लादेश तक बनी एक अन्य द्रोणिका भी छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रही है। प्रदेश में 1 जून से अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में जिलेवार बारिश के आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। 1 जून से 4 सितंबर तक बलरामपुर में सबसे ज्यादा 1433.1 मिलीमीटर (56.42 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 75 प्रतिशत अधिक है। वहीं बेमेतरा में महज 536.7 मिलीमीटर (21.13 इंच) बारिश हुई है, जो सामान्य से 39 प्रतिशत कम है। दोनों जिलों के बीच बारिश का अंतर करीब 896.4 मिलीमीटर (35.29 इंच) है।

7 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

प्रदेश के 33 जिलों में से 7 जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं 4 जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत से ज्यादा कम बारिश हुई है। शेष 22 जिले सामान्य बारिश की श्रेणी में हैं। इससे साफ है कि प्रदेश में कुल मानसूनी बारिश सामान्य के आसपास है, लेकिन अलग-अलग जिलों में बारिश का वितरण काफी असमान बना हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *