पीलीभीत में रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिला:जेब से टूटा मोबाइल और बाइक की चाबी मिली; झाड़ियों में खड़ी थी बाइक

पीलीभीत में रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिला:जेब से टूटा मोबाइल और बाइक की चाबी मिली; झाड़ियों में खड़ी थी बाइक

पीलीभीत जिले के जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। बालपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। सूचना मिलते ही जहानाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास किए। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल बताई जा रही है। जांच के दौरान मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला, लेकिन ट्रेन के पहियों के नीचे आने से वह पूरी तरह टूट चुका था। इसके चलते मौके पर युवक की पहचान नहीं हो सकी। वहीं, ट्रैक से कुछ दूरी पर झाड़ियों के पास एक लावारिस मोटरसाइकिल भी मिली। मृतक की जेब से उसी बाइक की चाबी बरामद हुई है। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने देखा शव रविवार सुबह कुछ ग्रामीण अपने खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े युवक के शव पर गई। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत जहानाबाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली और घटनास्थल से मिले सामान को कब्जे में लिया। इसी दौरान झाड़ियों के पास मोटरसाइकिल खड़ी मिली। बाइक के रजिस्ट्रेशन से पहचान की कोशिश पुलिस ने लावारिस मिली मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। अब बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर परिवहन विभाग (RTO) की मदद से उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि बाइक के जरिए मृतक की पहचान हो सकती है। थाना अध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल है। उसकी जेब से मोबाइल फोन और बाइक की चाबी मिली है। मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी। आत्महत्या की आशंका, दूसरे पहलुओं पर भी जांच पुलिस के मुताबिक, ट्रैक से कुछ दूरी पर बाइक का खड़ा मिलना और मृतक की जेब से उसकी चाबी बरामद होना इस ओर इशारा करता है कि युवक बाइक से मौके तक पहुंचा था। शुरुआती तौर पर पुलिस युवक के ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की आशंका जता रही है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव की पहचान और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *