संत कबीरनगर के हैंसर ब्लाक क्षेत्र में सरयू नदी की कटान से प्रभावित परिवारों से मिलने क्षेत्रीय विधायक गणेश चौहान जिगिना गांव पहुंचे। ये परिवार पिछले साल नदी की कटान से बेघर हो गए थे और अब जिगिना गांव में बसे हैं। विधायक ने वहां पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान का भरोसा दिया। पिछले वर्ष गायघाट दक्षिणी में सरयू नदी की कटान के कारण एक दर्जन से ज्यादा मकान नदी में समा गए थे। इन पीड़ित परिवारों को तहसील प्रशासन ने जिगिना गांव के पास जमीन देकर बसाया है। विधायक गणेश चौहान ने नंदू निषाद, रामफल बेल्दार, धर्मेंद्र निषाद, झिनक निषाद, बुद्धिराम निषाद, सुरेंद्र निषाद, गिरिजेश निषाद और शांति निषाद समेत कई लोगों से मुलाकात की। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए बुनियादी सुविधाओं और पुनर्वास का तुरंत समाधान करने का आश्वासन दिया। विधायक ने जिगिना में बिजली, पानी, आवास और रास्ते जैसी मूलभूत सुविधाओं का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने विद्युत विभाग के कार्यकारी अभियंता और हैंसर के बीडीओ उमेश ओझा को अगले तीन दिनों के भीतर सभी समस्याएं दूर करने का निर्देश दिया। विधायक ने साफ किया कि बाढ़ पीड़ितों को सभी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

