मऊगंज जिले के नईगढ़ी इलाके में शनिवार रात 8 बजे सड़क हादसे में 22 साल का मजदूर अच्छेलाल साकेत गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा अष्टभुजी मंदिर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम फूल निवासी शंकरलाल साकेत का 22 वर्षीय बेटा अच्छेलाल साकेत मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है। परिजन ने बताया कि शनिवार को वह भलुहा इलाके में काम देखने गया था। शाम को घर लौटते समय अष्टभुजी मंदिर के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो से अस्पताल पहुंचाया हादसा इतना भीषण था कि अच्छेलाल सड़क पर गिरकर लहु-लुहान हो गया। हादसे के बाद मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने तुरंत उसके परिजन को खबर दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अच्छेलाल को ऑटो के जरिए नईगढ़ी के सरकारी अस्पताल लेकर गए। घर का इकलौता कमाने वाला है अस्पताल में डॉक्टर की देखरेख में अच्छेलाल का इलाज जारी है। घर का मुख्य कमाने वाला सदस्य होने के कारण परिजन उसकी हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं। घटना की जानकारी नईगढ़ी पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

