UP Special TET 2026: उत्तर प्रदेश में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और विशेष शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने स्पेशल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी यूपी स्पेशल टीईटी 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार आवेदन फॉर्म भरने से पहले सभी अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी ओटीआर पूरा करना अनिवार्य होगा।
लगभग 2500 विशेष शिक्षकों को मिलेगा लाभ
यह परीक्षा सेवारत योग्य शिक्षकों के लिए निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता को ध्यान में रखते हुए आयोजित की जा रही है। अधिसूचना के अनुसार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के करीब 2500 विशेष शिक्षकों और सहायक अध्यापकों को इस विशेष परीक्षा के दायरे में शामिल किया गया है।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
- ऑनलाइन OTR रजिस्ट्रेशन और आवेदन शुरू: 5 सितंबर, 2026
- आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 4 अक्टूबर, 2026
- आवेदन फॉर्म में संशोधन की अंतिम तिथि: 8 अक्टूबर, 2026
- यूपी स्पेशल टीईटी परीक्षा की तारीख: 3 नवंबर, 2026
फॉर्म भरते समय रखें खास ध्यान
योग्य अभ्यर्थी केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान कार्यरत शिक्षकों को जहां भी लागू हो अपना EHRMS कोड दर्ज करना होगा। वहीं दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने वाले विशेष शिक्षक अपना सक्रिय CRR नंबर और RCI पंजीकरण प्रमाण-पत्र का विवरण दर्ज करेंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल upessc.up.gov.in पर जाएं।
- पोर्टल पर जाकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रक्रिया पूरी करें।
- इसके बाद लॉगिन करके स्पेशल टीईटी 2026 के आवेदन फॉर्म पर जाएं।
- अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी सही जानकारियां दर्ज करें।
- निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- परीक्षा शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
- फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की दोबारा जांच कर लें और फाइनल प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि फाइनल सबमिशन के बाद वर्ग, उपवर्ग, जन्म तिथि और लिंग जैसे विवरणों में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा इसलिए कैंडिडेट्स फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी विवरण अच्छी तरह जांच लें।

