कर्नाटक में शिक्षकों को बड़ा सम्मान, डॉक्टर-इंजीनियर की तरह नाम के आगे लगा सकेंगे प्रीफिक्स, CM शिवकुमार ने किया ऐलान

कर्नाटक में शिक्षकों को बड़ा सम्मान, डॉक्टर-इंजीनियर की तरह नाम के आगे लगा सकेंगे प्रीफिक्स, CM शिवकुमार ने किया ऐलान

Teachers Day: शिक्षक दिवस के मौके पर कर्नाटक सरकार ने राज्य के शिक्षकों के लिए एक खास सम्मान की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि राज्य के शिक्षक अब अपने नाम के आगे ‘Tr’ प्रीफिक्स लगा सकेंगे। इस घोषणा का मकसद समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान का सम्मान करना है। ‘Tr’ का इस्तेमाल उसी तरह होगा जैसे डॉक्टर के लिए ‘Dr’, इंजीनियर के लिए ‘Er’ और प्रोफेसर के लिए ‘Prof’ जैसे प्रोफेशनल टाइटल का इस्तेमाल होता है।

शिक्षक ही राष्ट्र-निर्माताओं को तैयार करते हैं : डीके शिवकुमार

सोशल मीडिया पोस्ट में डीके शिवकुमार ने शिक्षकों के योगदान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही हर उस व्यक्ति को तैयार करते हैं जो आगे चलकर राष्ट्र-निर्माण में भूमिका निभाता है। शिवकुमार के मुताबिक, पूरे भारत में एक करोड़ से ज्यादा शिक्षक बच्चों के ज्ञान, चरित्र और भविष्य को संवार रहे हैं, इनमें से लगभग 4.5 लाख शिक्षक कर्नाटक में हैं।

उन्होंने कहा कि इलाज करने वाले हर डॉक्टर, निर्माण करने वाले इंजीनियर, देश को खिलाने वाले किसान, सेवा देने वाले अफसर, उद्योग लगाने वाले उद्यमी और राह दिखाने वाले हर नेता के पीछे एक शिक्षक होता है, जिसने सबसे पहले उनकी क्षमता को पहचाना, उन्हें बताया कि क्या संभव है और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया।

‘Tr’ सिर्फ एक टाइटल नहीं, बल्कि सम्मान : डीके शिवकुमार

शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने उनके अमूल्य योगदान का सम्मान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि ‘Tr.’ भले ही केवल दो अक्षरों का शब्द लगे, लेकिन यह शिक्षकों की जीवन भर की समर्पित सेवा का प्रतीक है। यह केवल कोई उपाधि या पद नहीं है, बल्कि उस समाज की ओर से दिया गया सम्मान है, जिसके भविष्य को शिक्षकों ने अपनी पूरी जिंदगी लगाकर संवारा है।

सरकार के इस कदम को शिक्षकों का वाजिब हक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपने शिक्षकों का सम्मान करता है, वह असल में अपने भविष्य का ही सम्मान कर रहा होता है। उन्होंने छात्रों को सही दिशा दिखाने, उनकी गलतियों को सुधारने और उनके सपनों में विश्वास रखने के लिए शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *